July 22, 2026
22 july 14
  • बोले- युवाओं की आवाज नहीं दबेगी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भिवानी में दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे बेकसूर युवाओं और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले दागने के विरोध में जजपा युवा प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला के निर्देशानुसार प्रदर्शन किया। रोष जताते हुए केंद्र सरकार के नाम मांगपत्र सौंपा।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि युवाओं की आवाज को दबाने की हर कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व जजपा युवा जिला अध्यक्ष सेठी धनाना ने किया।

आंसू गैस के प्रयोग की निष्पक्ष जांच की मांग

ज्ञापन के माध्यम से जजपा व इनसो नेताओं ने मांग की, कि 20 जुलाई को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज एवं आंसू गैस के प्रयोग की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए। घायल हुए सभी छात्र-युवाओं को समुचित चिकित्सा सुविधा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

यह लोकतंत्र की हत्या

जजपा युवा जिला अध्यक्ष सेठी धनाना, जजपा युवा जिला प्रभारी ओमी राजपुत ने कहा कि नीट परीक्षा पास करने के लिए एक युवा साल भर रात-दिन एक करके कड़ी मेहनत करता है। इसमें लाखों रुपए खर्च होते हैं, जिन्हें वहन करना कई गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बेहद मुश्किल होता है।

इसके बावजूद मां-बाप अपने पेट काटकर बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन पेपर लीक होते ही उनके सभी सपने चकनाचूर हो जाते हैं। जब यही युवा अपने हक के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते है, तो उन पर तानाशाही रवैया अपनाते हुए बर्बरता से लाठियां बरसाई जाती हैं। यह सरासर लोकतंत्र की हत्या है।

युवाओं से उनका हक छीन रही सरकार

इनसो जिला अध्यक्ष जयदीप ग्रेवाल, इनसो सीबीएलयू इकाई प्रधान रोहित सांगवान, महिला प्रधान सपना ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं से उनके अधिकारों की आवाज उठाने का बुनियादी हक भी छीन रही है। शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। युवाओं पर लाठीचार्ज करना बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान का सीधा अपमान है।

सरकार की इस तानाशाही के खिलाफ देश के युवाओं में भारी रोष है। इस अवसर पर सुमित ढुल, आशु वाल्मीकि, राजेश ग्रेवाल, भोलू धनाना, निखिल ग्रेवाल, संकेत झुल्ली व मदन जूसवाला सहित अनेक युवा मौजूद रहे।