- नमी वाली हवाओं से ठंड और बढ़ेगी, सरसों-चने की बुवाई शुरू करने की सलाह
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में बीते दो दिनों की मौसमी हलचल और बारिश के बाद अब मौसम सामान्य और साफ होने लगा है। मौसम में नमी बढ़ने के साथ ही प्रदेशभर में सुबह और रात की ठंडक में इजाफा हो गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में न्यूनतम तापमान सबसे कम नारनौल में 13.0°C दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम (दिन का) तापमान गिरकर हिसार, सिरसा और बालसमंद में सबसे अधिक 29.3°C तक पहुंच गया, जबकि करनाल में दिन का पारा 21.6°C तक दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा, जिससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।
एक्सपर्ट बोले-सुबह-शाम ठंड और बढ़ेगी
HAU हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, हरियाणा में पिछले दिनों बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी वाली हवाएं प्रदेश में पहुंची।
इससे 31 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है। नमी बढ़ने से सुबह और शाम हल्की ठंड रहेगी, जबकि रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
रबी फसलों की बुवाई शुरू करें किसान
मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को रबी फसलों की बुवाई शुरू करने को कहा है। सरसों के लिए पर्याप्त नमी होने पर RH 30, RH 0749 जैसी किस्मों की बीजाई करें। बीजों का 2 ग्राम कार्बेंडाजिम प्रति किग्रा से उपचार जरूर करें।
चने की C 235, HC 5 किस्मों और चारे में जई व बरसीम की बीजाई शुरू करें। धान की कटाई से 2 हफ्ते पहले सिंचाई बंद कर दें। पराली बिल्कुल न जलाएं। ओस सूखने के बाद ही कपास की चुगाई करें।