May 7, 2024

करनाल में सुबह के समय घने कोहरे और दिनभर चली शीतलहर के साथ नए साल की शुरुआत हुई है।

रविवार को छुट्टी के दिन लोग अधिकतर समय घरों में दुबके रहे। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक जाने के आसार जताए हैं।

अगले तीन दिन घने कोहरे छाने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 14.8 और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा।

राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान के कृषि एवं मौसम विभाग के डा. योगेश कुमार ने बताया कि उत्तर भारत मे लंबे समय के बाद हाल ही में आए एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से करनाल में बादलवाही के बीच कहीं बूंदाबांदी तो कहीं हल्की बारिश की गतिविधियां दर्ज की गई है।

अब यह पश्चिमी विक्षोभ बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी देकर पहाड़ी इलाकों से आगे निकल चुका है।

पहाड़ी इलाकों में हुई ताज़ा बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ेगा।

पश्चिमी हिमालय में ताजा बर्फ से ढके पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाए मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान के साथ अधिकतम तापमान को भी नीचे ले कर जाएगी।

साल के पहले दिन पड़ी धुंध में हुए दो हादसों में जहां दो लाेगों की मौत हो गई, वहीं आठ लोग जख्मी हुए हैं।

एक बच्ची को गंभीर हालत में उपचार के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर किया है। हादसे का आरोपित कैंटर चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *