April 25, 2024
हरियाणा के शिक्षामंत्री कंवरपाल ने कहा है कि राज्य सरकार राज्य में भर्ती प्रणाली में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ रोजगार उपलब्ध कराने हेतु प्रतिबद्ध है। यह बात उन्होंने हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान एक प्रश्न का उत्तर सदन के पटल पर प्रस्तुत करते हुए कही।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में राज्य सरकार के गठन के बाद से सरकार द्वारा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग एवं हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से ग्रुप क, ख, ग के लिए कुल 12016 पदों पर भर्तियां की गईं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस अवधि के दौरान हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 10576 और हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 1440 पदों पर भर्ती की गई।
उन्होंने सरकार द्वारा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग एवं हरियाणा लोक सेवा आयोग के माध्यम से दिए गए रोजगार के तुलनात्मक आंकड़े भी प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 से 2009 तक हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 18020 और हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 988 रोजगार प्रदान किए गए।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से 2019 तक हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 66427 जबकि हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा 3446 पदों पर भर्तियां की गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *