April 19, 2024
मानसून में शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा नालों की सफाई का कार्य शुरू किया गया है। शनिवार दोपहर को 42 डिग्री तापमान के बीच नगर निगम कमिश्नर आयुष सिन्हा ने जोन नंबर एक में किए जा रहे नालों की सफाई के कार्यों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों व क्षेत्रवासियों से बातचीत कर धरातल पर होने वाले सफाई संबंधित कार्य के बारे में पूछा। सफाई अधिकारियों ने उन्हें बताया कि नालों की सफाई के लिए लगभग 50 कर्मचारी लगे हुए हैं। 15 दिन के भीतर जोन एक के सभी नालों की सफाई कर दी जाएगी। निगमायुक्त ने उन्हें सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर जल्द से जल्द नालों की सफाई करने और नालों से निकली गाद व कचरे का तुरंत उठान करने के निर्देश दिए।

नगर निगम कमिश्नर आयुष सिन्हा शनिवार दोपहर सीएसआई हरजीत सिंह व सफाई निरीक्षक कृष्ण कांबोज के साथ नालों की सफाई के निरीक्षण पर निकले। सबसे पहले कमिश्नर सेक्टर 17 के बीच से निकल रहे जगाधरी के बड़े नाले पर पहुंचे। यहां कर्मचारी नाले के अंदर खड़े होकर गंदगी की सफाई कर रहे थे। कमिश्नर सिन्हा ने कर्मचारियों से बातचीत की। उनसे सफाई कार्य में इस्तेमाल होने वाले सामान व सुरक्षा कवच के बारे में पूछताछ की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को सुरक्षा कवच पहन कर नालों की सफाई करने के निर्देश दिए। सीएसआई हरजीत ने उन्हें जोन नंबर एक के नालों की जानकारी देते हुए बताया कि जगाधरी जोन में दर्जनभर नाले है। जिनकी लंबाई लगभग 28 किलोमीटर ‌है। लगभग 50 कर्मचारी नालों की सफाई में जुटे हुए है। 15 दिन के भीतर नालों की सफाई कर दी जाएगी। कमिश्नर सिन्हा ने उन्हें निर्देश दिए कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द नालों की सफाई का कार्य निपटाया जाए। सभी नालों की गहनता से सफाई क‌ी जाए। नालों से निकलने वाली गंदगी व गाद का भी साथ के साथ उठान किया जाए। इसके बाद कमिश्नर दुर्गा गार्डन में पहुंचे। सफाई कर्मचारियों की एक टीम यहां पर सफाई कर रही थी। यहां उन्होंने क्षेत्र के लोगों से नालों की सफाई के संबंध में बातचीत की। यहां नाले पर एक जगह गोबर का ढेर मिला।

कमिश्नर ने सफाई अधिकारियों को नाले पर गोबर डालने वाले को नोटिस देने के निर्देश दिए। दुर्गा गार्डन के बाद निगम कमिश्नर सेंट थॉमस स्कूल के पास बड़े नाले पर पहुंचे। यहां सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया जेसीबी के माध्यम से नाले की सफाई करवा रहे थे। निगम कमिश्नर आयुष सिन्हा ने सफाई अधिकारियों को नालों की सफाई का कार्य जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए। ताकि मानसून आने पर शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने सफाई अधिकारियों को रोजाना नालों की सफाई के कार्य का विजिट करने और नालों के आसपास पड़ी गंदगी को भी साफ करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि मानसून में शहर में जलभराव न हो, इसके लिए नालों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। नालों की सफाई के लिए जेसीबी व कर्मचारियों की स्पेशल टीमें लगी हुई है। मानसून से पहले नगर निगम एरिया के सभी नालों की सफाई का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *