March 28, 2024

शहर में अब कचरा उठान की समस्या का जल्द समाधान होगा। तुरंत कचरा उठान के लिए नगर निगम एरिया में तीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनाए जाएंगे। जहां कॉलोनियों व मोहल्ले से कचरे का उठान कर छोटे वाहनों के माध्यम से बड़े वाहनों में ट्रांसफर किया जाएगा। बड़े वाहनों के माध्यम से यह कचरा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। नगर निगम की ओर से एक कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण तेजली खेल परिसर के नजदीक किया जा रहा है। शुक्रवार को मेयर मदन चौहान, सीएसआई अनिल नैन, जेई मनीष चौहान, जेई जय भगवान व अन्य के साथ निर्माणाधीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। मेयर मदन चौहान ने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द से जल्द निपटाने और कार्य में कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए।

मेयर मदन चौहान ने बताया कि शहर से कचरे का त्वरित उठान हो और गंदगी की समस्या न रहे, इसके लिए नगर निगम प्रयासरत है। कचरा उठान के लिए प्रथम चरण में तीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनाने की योजना है। एक का निर्माण तेजली खेल परिसर के नजदीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह डंपिंग प्वाइंट नहीं होगा। यहां केवल शहर की विभिन्न कॉलोनियों, मोहल्लों व गलियों से आने वाले कचरे को छोटे वाहनों से बड़े वाहनों में ट्रांसफर किया जाएगा।

इसमें डोर टू डोर कचरा उठाने वाले टिपर व रेहड़ियों के माध्यम से कचरा पहुंचेगा। फिर उसे रैंप के माध्यम से बड़े वाहन में डाल दिया जाएगा। भरने के बाद बड़ा वाहन कचरा निस्तारण प्लांट में जाएगा। वहीं, छोटे वाहन दोबारा अपने वार्ड की अन्य कॉलोनियों से कचरे का उठान करेंगे। ट्रांसफर स्टेशन नजदीक होने से टिपर व रेहड़ी के चक्कर बढ़ेंगे। इससे अधिक एरिया से कचरा का उठान किया जाएगा। ट्रांसफर स्टेशन में कचरा एकत्रित नहीं किया जाएगा। केवल कचरा ट्रांसफर किया जाएगा। इसलिए यहां गंदगी नहीं फैलेगी। स्टेशन को पूरी तरह कवर किया जाएगा, ताकि बारिश व धूप में भी कार्य प्रभावित न हो।

ट्रांसफर स्टेशन पर छोटे वाहन से पहुंचेगा कूड़ा
मेयर मदन चौहान व सीएसआई अनिल नैन ने बताया कि निगम के वार्डों से ट्रांसफर स्टेशन पर छोटे वाहनों में कूड़ा एकत्र पहुंचेगा। कचरे से भरे इस वाहन को रैंप के माध्यम से ऊंचाई पर पहुंचा जाएगा। नीचे ट्रैक्टर ट्रॉली व बड़ा वाहन कचरा खड़ा किया जाएगा। रैंप के माध्यम से ऊंचाई पर पहुंचे छोटे वाहन से कचरा बड़े लिफ्ट के माध्यम से बड़े वाहन या ट्रॉली में डाल दिया जाएगा। रैंप के ऊपर वाहन के घूमने का स्थान दिया जाएगा। जहां उसे आसानी से बैक किया जाएगा। इस तरह एक ट्रॉली या बड़े वाहन में कई टिप्परों का कचरा डाला जाएगा। यहां कचरा डालकर टिपर दोबारा वार्ड में कचरा एकत्रित करने के लिए चले जाएंगे। मेयर का कहना है कि कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *