November 28, 2026
28 nov 2
  • गुरुग्राम में 5.8 डिग्री तक लुढ़का पारा,  2 दिसंबर तक बारिश नहीं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में नवंबर के आखिरी सप्ताह में ठंड ने रफ्तार पकड़ ली है। रात के तापमान में लगातार गिरावट के चलते कई इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश का न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 5.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं हिसार में पारा 7.7 डिग्री तक पहुंच गया।

भिवानी, झज्जर और रेवाड़ी के बावल में भी तापमान 8 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा है।

दिन में धूप निकलने के बावजूद रात की ठंड ज्यादा असर दिखा रही है। हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा। मौसम विभाग ने आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानग, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

2 दिसंबर तक मौसम खुश्क, सुबह धुंध छाने के आसार

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 2 दिसंबर तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में हल्की गिरावट जारी रह सकती है।

सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाने के आसार हैं। कोहरे के चलते 27 नवंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में यलो अलर्ट है। 29 नवंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और सोनीपत में कोहरे की चेतावनी रहेगी।

जानिए कैसा रहा दिन और रात का तापमान…

गुरुग्राम सबसे ठंडा: गुरुग्राम AWS में न्यूनतम तापमान 5.8°C दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम है। हिसार 7.7°, भिवानी 7.4°, झज्जर 7.5° और रेवाड़ी के बावल में 7.1° रहा। इन इलाकों में रात और सुबह ठंड का असर ज्यादा है।

कई जिलों में 10° से नीचे पारा: प्रदेश के अधिकांश मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इससे सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ रही है और सर्दी अब धीरे-धीरे पैर पसार रही है।

दिन में धूप से राहत: अधिकतम तापमान 25 से 28.6 डिग्री के बीच रहा। हिसार, गुरुग्राम, नूंह और चरखी दादरी में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री तक पहुंचा। सूर्यास्त के बाद तापमान तेजी से नीचे आने से मौसम में ठंडक बढ़ जाती है।

सामान्य से नीचे रात का तापमान: IMD के बुलेटिन के अनुसार प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2.2°C कम है, यानी रातें सामान्य से ज्यादा ठंडी हो रही हैं, जबकि दिन का तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।