October 20, 2026
20 oct 1
  •  पंचकूला सबसे ठंडा, 22 तक बारिश के नहीं आसार

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मौसम के तेवर तेजी से बदलने लगे हैं। हवा की दिशा उत्तर-पूर्वी से बदलकर उत्तर-पश्चिमी होने के कारण राज्य में रात के तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। सोमवार को पंचकूला प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, सोनीपत के सरगथल में पारा 14.7 डिग्री पर आ गया। प्रदेश के करीब 7 जिलों में रात का पारा 16 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। दूसरी तरफ, दिन के समय खिली धूप के चलते अधिकतम तापमान में खास गिरावट देखने को नहीं मिल रही है।

19 अक्टूबर को हिसार और नूंह में दिन का तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने 22 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने की उम्मीद जताई है।

दिन और रात के तापमान को ऐसे समझें…

दिन में धूप से बढ़ी गर्मी: प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। चरखी दादरी में दिन का पारा 32.8°C, गुरुग्राम में 32.1°C, सिरसा में 32.3°C और रेवाड़ी के बावल में 32.0°C दर्ज किया गया। हिसार और नूंह में 32.9 डिग्री पारा पहुंच गया। सबसे कम अधिकतम तापमान रोहतक (28.4°C) और सोनीपत के जगदीशपुर (28.7°C) में दर्ज हुआ।

रात में ठंड और बढ़ी: रात का तापमान सामान्य से 1 डिग्री नीचे आ गया है। पंचकूला (14.0°C), सोनीपत (14.7°C), करनाल (15.2°C), झज्जर में 15.6, महेंद्रगढ़ में 15.9 और हिसार (15.2°C) में रातें काफी ठंडी दर्ज की गईं।

एक्सपर्ट बोले- 22 अक्टूबर तक मौसम रहेगा शुष्क

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में हवाओं का रुख उत्तर-पश्चिमी होने से 22 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा।

इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने के आसार हैं। दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि सुबह व शाम को हल्की ठंड का अहसास बढ़ेगा और रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी।