October 19, 2026
19 oct 9
  • पलवल में गड़रिया समाज की महापंचायत, दहेज, शराब, डीजे और मृत्यु भोज पर भी रोक

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पलवल में रविवार को हुई गड़रिया समाज की महापंचायत में शादी-ब्याह और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में फिजूलखर्ची रोकने के लिए दहेज, शराब, डीजे और मृत्यु भोज पर रोक लगाने का फैसला लिया गया। साथ ही शादी में दूल्हा पक्ष से अधिकतम 51 लोग और छूछक, गोद भराई, लगन-सगाई व भात में 11-11 लोगों के शामिल होने का निर्णय लिया गया।

प्रकाश विहार स्थित वीर चक्र विजेता शहीद महीलाल समिति प्रांगण में हुई महापंचायत की अध्यक्षता 360 गांवों के चौधरी ओमप्रकाश ने की। महापंचायत में पलवल के अलावा फरीदाबाद, गुरुग्राम, सोनीपत, नूंह, होडल और उत्तर प्रदेश से आए लोगों ने हिस्सा लिया।

पंचायत में तय हुआ कि मृत्यु भोज के बजाय केवल श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, ताकि शोकाकुल परिवार पर आर्थिक बोझ न पड़े। शादी-विवाह में शराब और किसी भी तरह का नशा परोसने के साथ डीजे बजाने पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।

गांववार कमेटियां बनाई जाएंगी

गड़रिया समाज की पहली पंचायत 11 अक्टूबर को हुई थी। अब दूसरी महापंचायत में इन फैसलों पर अंतिम मुहर लगाई गई। पंचायत में इस बात पर जोर दिया गया कि सामाजिक परंपराओं का निर्वहन सादगी और संवेदनशीलता के साथ किया जाए, ताकि किसी परिवार को आर्थिक या सामाजिक दबाव का सामना न करना पड़े। फैसलों को लागू कराने के लिए गांववार कमेटियां गठित की जाएंगी।

10 दिन में कमेटियों की जिम्मेदारी तय होगी

वीर चक्र विजेता शहीद महीलाल समिति के अध्यक्ष कर्नल दयाराम ने कहा कि समाज की परंपराओं और सामूहिक सहमति के आधार पर ये फैसले लिए गए हैं। इन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए अगले 10 दिनों में गांववार कमेटियां गठित कर उनकी जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।

लोगों को जागरूक करेंगी कमेटियां

कर्नल दयाराम ने आगे कहा कि कमेटियों के सदस्य गांवों और जिलों में जाकर समाज के लोगों को फैसलों के प्रति जागरूक करेंगे और इन्हें लागू कराने में सहयोग करेंगे। युवा समाजसेवी हरी प्रकाश एडवोकेट ने महापंचायत के फैसलों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे समाज को नई दिशा मिलेगी।