- दुकानदार ने धमकाया तो परिवार ने पुलिस बुलाई
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के रेवाड़ी में नवरात्रि के समापन पर कन्या पूजन का प्रसाद खाने से तीन बच्चियां बीमार हो गईं। परिवार ने पहले पूजन किया और फिर जैसे ही प्रसाद ग्रहण किया, तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें चक्कर आने लगे और लगातार उल्टियां होने लगीं।
इसके बाद घबराए परिजन तुरंत तीनों को पास के डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को सिविल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार ने तुरंत बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
बच्चियों के पिता के मुताबिक, उन्होंने बाजार की एक दुकान से देसी घी खरीदा था, जिससे पकवान बनाए गए थे। इसी पकवान को खाने के बाद बच्चियों की तबीयत बिगड़ी। आरोप है कि जब उन्होंने दुकानदार के पास जाकर घी की गुणवत्ता पर सवाल उठाए, तो उसने गाली-गलौज कर उन्हें भगा दिया।
इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच की मांग की। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी दुकान पर पहुंच कर घी के सैंपल लिए। साथ ही दुकान में रखे घी के डिब्बों को सील भी कर दिया है।
कैसे बच्चियां पहुंचीं अस्पताल, जानिए पूरा मामला…
- रोहतक का रहने वाला परिवार, बावल से खरीदा था घी: मूल रूप से रोहतक जिले के गांव खेड़ी निवासी सतीश रेवाड़ी में परिवार संग रहते हैं। परिवार ने पूरे नवरात्रि व्रत रखे थे। सोमवार को नवमी पर व्रत पारण के साथ कन्या पूजन कराया गया। इसके लिए बावल के बाजार से सूजी, देसी घी आदि खाद्य पदार्थ खरीदे गए थे।
- हलवा-पूड़ी खाकर 3 मासूम हुईं बीमार: सतीश ने बताया कि उन्होंने सोमवार को नवरात्रि के उपलक्ष्य में आसपास की कन्याओं को बुलाकर भोज कराया था। प्रसाद खाने के कुछ ही देर बाद सतीश की 6 वर्षीय पुत्री लीला, पड़ोस की 12 वर्षीय सानिया और डेढ़ वर्षीय मासूम साबिया की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
- परिवार ने तुरंत तीनों को अस्पताल पहुंचाया: सतीश के अनुसार, बच्चियों की तबीयत बिगड़ते ही परिजन घबरा गए। वे तुरंत तीनों को पास के डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जांच के बाद तीनों को सिविल अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार ने तुरंत बच्चियों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
- क्वालिटी पर सवाल उठाने पर दुकानदार ने धमकाया: सतीश ने आगे बताया कि बच्चियों की तबीयत बिगड़ते ही परिजनों को घी की गुणवत्ता (नकली या मिलावटी होने) पर गहरा संदेह हुआ। इसके बाद जब वे बचा हुआ घी लेकर बावल स्थित संबंधित दुकानदार के पास विरोध जताने पहुंचे, तो आरोप है कि दुकानदार ने अपनी गलती मानने के बजाय उन्हें धमकाकर भगा दिया।
पुलिस शिकायतकर्ता को लेकर दुकान पर पहुंची
इसके बाद पीड़ित सतीश तुरंत बावल थाना पहुंचे और पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बावल थाना प्रभारी खुद शिकायतकर्ता को साथ लेकर संबंधित दुकान पर पहुंचे। इसके साथ ही पुलिस ने तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग (फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट) की टीम को मौके पर बुलाया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम घी के नमूने (सैंपल) लेकर जांच के लिए लैब भेजेगी, ताकि यह साफ हो सके कि घी मिलावटी था या फिर तबीयत बिगड़ने की वजह कुछ और थी। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई और जांच कर रही है।
फूड सेफ्टी अधिकारी बोले-जांच के लिए भेजे सैंपल
फूड सेफ्टी अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि उनको बावल थाना पुलिस ने सूचना थी। शिकायतकर्ता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। दुकान में 500 ग्राम के आधा किलो के चार डिब्बे मिले हैं। घी का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। साथ ही सारे घी को सीज कर दिया है।