October 14, 2026
14 oct 13
  • विधायक अरोड़ा बोले- विपक्ष ने बंदूक रख नहीं दिलवाया सुधा से बयान

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  कुरुक्षेत्र में 20 अक्टूबर को दशहरा दो जगह मनाया जाएगा। ब्रह्मसरोवर के पूर्वी तट पर धर्मक्षेत्र दशहरा कमेटी की ओर से होने वाले आयोजन में बॉलीवुड एक्टर और पूर्व सांसद राज बब्बर चीफ गेस्ट होंगे, जबकि पद्मश्री महावीर गुड्डू सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगे। वहीं, थीम पार्क में भी दशहरा उत्सव मनाया जाएगा।

कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा और भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा के समर्थकों के बीच आयोजन को लेकर बनी खींचतान के बाद दोनों जगह अलग-अलग रावण दहन होगा। बुधवार को पंजाबी धर्मशाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अशोक अरोड़ा ने वायरल वीडियो और अलग दशहरा मनाने के फैसले पर अपनी बात रखी।

विपक्ष ने बंदूक थोड़े रखी थी, ये बयान दो- अरोड़ा

पूर्व मंत्री सुधा के गोधरा कांड वाले वायरल बयान पर अरोड़ा ने कहा कि कभी-कभी सच्चाई मुंह पर आ जाती है, उसे स्वीकार करना चाहिए। गलती हुई है तो उसे मानने वाला बड़ा होता है। गलती होने पर उसे दूसरों पर थोपने के बजाय मान लेना चाहिए। विपक्ष ने गले पर बंदूक रखकर कोई बात नहीं कहलवाई थी।

अगर किसी से गलती से कोई बात निकल गई है तो उसे स्वीकार करना चाहिए। किसी को दोष देने की जरूरत नहीं है। रावण के पुतले को लेकर कहा कि हमारा किसी से कोई मुकाबला नहीं है। दशहरा धार्मिक उत्सव है और इसे उसी रूप में मनाया जाएगा। बाकी काम दशहरा कमेटी करेगी।

सुधा ने लगाया अलग आयोजन करने का आरोप

दशहरा आयोजन को लेकर सुधा और अरोड़ा के बीच विवाद चल रहा था। इसी पर BJP के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने करीब एक महीने पहले कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा पर अलग दशहरा मनाने का आरोप लगाया था। सुधा ने कहा था कि दशहरा भाईचारे और बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है, इसलिए इसका आयोजन एक ही जगह होना चाहिए।

दशहरा मनाने को लेकर चार बैठकें हुई थीं। उन्होंने एक ही जगह आयोजन करने की बात कही थी, लेकिन आरोप लगाया कि विधायक ने अलग बैठक करके अलग दशहरा मनाने का ऐलान कर दिया।

ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड में होगा आयोजन

धर्मक्षेत्र दशहरा कमेटी ब्रह्मसरोवर के पूर्वी तट पर 18 मंजिला मंदिर के पीछे बने मेला ग्राउंड में दशहरा उत्सव मनाएगी। अरोड़ा ने कहा कि आयोजन किसी एक जाति या वर्ग तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें सभी समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को व्यवस्थित बनाने के लिए ग्राउंड कमेटी, शोभायात्रा कमेटी, प्रचार-प्रसार कमेटी और स्वागत कमेटी बनाई गई हैं।

दोपहर 1 बजे झांसा रोड से निकलेगी शोभायात्रा

धर्मक्षेत्र दशहरा कमेटी की ओर से 20 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे झांसा रोड से भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा रोटरी चौक, छोटा बाजार, सीकरी चौक, पालिका बाजार, आहलूवालिया चौक, अंबेडकर चौक और गुरुद्वारा छठी पातशाही से होते हुए सन्निहित सरोवर पहुंचेगी। इसके बाद यात्रा 18 मंजिला मंदिर के पास बने मेला ग्राउंड में पहुंचेगी।

यहां रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले जलाए जाएंगे। कमेटी का कहना है कि शोभायात्रा व्यवस्थित तरीके से निकाली जाएगी और मेले में आने वाले लोगों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था की जाएगी।

थीम पार्क में भी होगा दशहरा उत्सव

दूसरी ओर, भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा थीम पार्क में होने वाले दशहरा आयोजन की तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने पार्क में साफ-सफाई कराने की बात कही थी। सुधा ने पहले ही एक जगह दशहरा मनाने की पैरवी करते हुए अलग आयोजन के फैसले पर सवाल उठाए थे।

हालांकि, दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन सकी। अब 20 अक्टूबर को थीम पार्क और ब्रह्मसरोवर के पास अलग-अलग दशहरा उत्सव आयोजित होंगे। इस तरह शहर में इस बार दशहरा आयोजन दो जगह होने से दोनों कमेटियों की तैयारियां अलग-अलग चल रही हैं।