- 50KM/H की रफ्तार से चल रही हवाअंबाला में जलभराव, कैथल में धान भीगा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में गुरुवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। अंबाला, कुरुक्षेत्र, पानीपत, जींद, कैथल, सोनीपत, यमुनानगर और करनाल समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रही। कई जगह दिन में ही अंधेरा छा गया, जबकि सोनीपत में ओले भी गिरे।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के 10 जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रदेश की मंडियों में करीब 13 लाख टन धान खुले में पड़ा है। बारिश से धान की ढेरियां और बोरियां भीग गईं। चिंता इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि जिन जिलों में तेज आंधी-बारिश हो रही है, उनमें धान की पैदावार अधिक होती है। खुले में रखे धान को बचाने के इंतजाम भी नाकाफी हैं।
बारिश के कारण जींद और अंबाला की सड़कों पर एक से दो फीट तक पानी भर गया। वहीं, सोनीपत में तेज आंधी के चलते कई जगह टीन शेड और होर्डिंग उड़कर सड़कों पर आ गए।
वैज्ञानिक बोले- मॉनसून सीजन खत्म, ये बेमौसम बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, हरियाणा में मानसून सीजन समाप्त हो चुका है। इस मानसून सीजन में पूरे प्रदेश में 26 प्रतिशत कम बारिश हुई जबकि जींद में 58% सबसे कम बारिश हुई। अब जो बारिश हो रही है, उसका कारण पश्चिम विक्षोभ है। यह बेमौसम बारिश है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़) की ओर से 1 अक्टूबर 2026 से 14 अक्टूबर 2026 तक हरियाणा राज्य में हुई मौसमी बारिश के आंकड़े जारी किए गए हैं। इसमें राज्य के उत्तरी और कुछ मध्य-पूर्वी जिलों में सामान्य से बहुत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। इनमें कुरुक्षेत्र (37.1 mm, +489%), सोनीपत (31.7 mm, +306%), कैथल (20.1 mm, +368%), और अंबाला (32.5 mm, +210%) प्रमुख हैं। वहीं, पंचकूला (19.8 mm), यमुनानगर (15.9 mm), सिरसा (4.9 mm), और गुरुग्राम (10.1 mm) में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। रोहतक (5.7 mm) और फरीदाबाद (11.4 mm) में बारिश का स्तर सामान्य (-19% से +19%) रहा है। इसके अलावा पानीपत (-22%) और झज्जर (-40%) में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों जैसे हिसार, फतेहबाद, जींद, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और नूंह में बहुत कम बारिश हुई है। भिवानी और चरखी दादरी जिलों में 0 mm बारिश के साथ 100% की कमी दर्ज की गई है।