October 14, 2026
14 oct 2
  •  तापमान 1.4°C बढ़ा, खुले में रखी फसल को खतरा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में दो दिन के ब्रेक के बाद एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग IMD चंडीगढ़ ने 14 और 15 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, कैथल, करनाल, पानीपत और जींद समेत अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 16 अक्टूबर तक असर रह सकता है, जबकि 17 अक्टूबर से मौसम सुधरने की संभावना है।

1.4 डिग्री बढ़ा तापमान

मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान महेंद्रगढ़ में 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले दो दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। बारिश और तेज हवाओं के कारण दिन के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में 14 और 15 अक्टूबर को मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ ओले गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम के इस बदलाव से खुले में रखी फसल और कृषि उपज को नुकसान पहुंच सकता है।

जीटी रोड बेल्ट में भी बारिश और अंधड़ के आसार

कैथल, करनाल, पानीपत और जींद में भी मौसम का असर दिखाई देगा। इन जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने तथा गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को मौसम की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दक्षिण और पश्चिम हरियाणा में बूंदाबांदी के आसार

इनके अलावा मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इन जिलों में बारिश का प्रभाव अलग-अलग स्थानों पर रहने की संभावना है। हालांकि, मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने से लोगों को दिन की गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

16 अक्टूबर तक रहेगा मौसम का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 16 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इसके बाद 17 अक्टूबर से मौसम में सुधार होने के आसार हैं।

किसानों को फसल सुरक्षित रखने की सलाह

मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को खेतों और मंडियों में रखी फसल की सुरक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है। कटाई के बाद खेतों में रखी उपज को सुरक्षित स्थान पर रखें और संभव हो तो उसे ढककर रखें। तेज हवाओं और ओलावृष्टि से खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंच सकता है।

बारिश और बिजली चमकने के दौरान लोगों को खुले मैदान, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। तेज हवाओं के दौरान वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी चाहिए। हाईवे पर वाहन धीमी गति से चलाएं और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकने को प्राथमिकता दें।