October 8, 2026
8 oct 5
  • बदमाशों ने 5 गाड़ियां के शीशे तोड़े, कार से ₹2.50 लाख कैश ले गए

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  पानीपत कोर्ट में वकीलों के चैंबर बिल्डिंग में तारीख पर गवाही के लिए आए गवाह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हथियारबंद बदमाशों ने गंडासियों, लाठी-डंडों से युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया।

इतना ही नहीं बदमाशों ने मौके पर पांच गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद घायल को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां वह उपचाराधीन है। वहीं, जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस दल बल भी पहुंचा और आगामी जांच शुरू कर दी है।

इस दौरान रजिस्ट्री करवाने आए एक व्यक्ति की गाड़ी का शीशा तोड़ उसमें रखा ₹2.50 लाख कैश भी बदमाश साथ ले गए।

घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी वीडियो भी भास्कर ऐप के हाथ लगा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कोर्ट की पार्किंग में युवक पर लाठी-डंडों से कई बार वार किए गए। उसके सिर-पैर हर जगह हमला किया गया। जिससे वो अधमरा हो गया।

केस की डेट पर आया था युवक

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो पक्षों के बीच झगड़े के बाद कोर्ट में केस चल रहा है। इसी मामले में रूटीन की तारीखों पर दोनों पक्ष आए हुए थे। जब वकीलों की बिल्डिंग के पीछे बनी पार्किंग में शिकायतकर्ता पक्ष मौजूद था, इस दौरान दूसरे पक्ष के 5-6 युवकों ने अचानक शिकायतकर्ता पक्ष और गवाह पर लाठी डंडों, गंडासियों और लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

घायल गवाह की पहचान गंगाराम कॉलोनी निवासी नहीम के रूप में हुई है। वहीं, आरोपियों की पहचान अक्षय, सुमित रोड खुखराणा, शुभम मतलौडा, जतिन उर्फ काटा कवि के रूप में हुई।

रजिस्ट्री के लिए वकील से मिलने आया था अजय

गोपाल कॉलोनी निवासी अजय ने बताया कि वह रजिस्ट्री के सिलसिले में वकील से मिलने अर्टिगा गाड़ी से कोर्ट पहुंचा था। उसने गाड़ी पार्किंग में खड़ी की और अंदर वकील के पास चला गया। कुछ देर बाद झगड़े की सूचना मिलने पर बाहर आया तो गाड़ी में तोड़फोड़ मिली।

गाड़ी में रखा बैग भी गायब, ₹2.50 लाख कैश था

अजय के मुताबिक, गाड़ी में एक बैग रखा था, जिसमें रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेज और रजिस्ट्री करवाने के लिए रखे ₹2.50 लाख रुपए थे। तोड़फोड़ के बाद बैग भी गाड़ी से गायब मिला। पुलिस अब तोड़फोड़ और बैग चोरी की घटना को लेकर जांच कर रही है।

एक सप्ताह में कोर्ट परिसर में दूसरी वारदात

बार एसोसिएशन प्रधान वीरेंद्र मलिक ने कहा कि एक सप्ताह के भीतर कोर्ट परिसर में हमले की यह दूसरी घटना है। उनके मुताबिक करीब 5 से 6 युवकों ने एक युवक पर हमला किया और गाड़ियों में तोड़फोड़ कर पैसे भी उठाए। उन्होंने घटना के लिए पुलिस और जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया।

बेल पर छूटे आरोपी पर उठे सवाल

वीरेंद्र मलिक ने कहा कि एक सप्ताह पहले एडवोकेट पर हुए हमले के मामले में आरोपी को पुलिस ने बेल पर छोड़ दिया था। आरोप है कि इसके बाद आरोपी वकील के घर के बाहर आकर गाड़ियों के हॉर्न बजाता रहा और उसे दोबारा उकसाया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ढिलाई के कारण कोर्ट परिसर में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।