- खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जारी किया नोटिस
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार जिले के अग्रोहा में तेल टैंकरों से अवैध तरीके से पेट्रोल-डीजल निकालकर खरीदने, बेचने और उसके भंडारण की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग हिसार की टीम ने मंगलवार अलसुबह करीब चार बजे तीन ढाबों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान श्रीराम वैष्णों ढाबा, श्री बालाजी ढाबा, रेड रोज ढाबे पर अनियमितता सामने आई। इस खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने तीनों ढाबा संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार, एएसआई सुरेंद्र समेत हेड कांस्टेबल जितेंद्र व विजय मौजूद रहे।
टैंकरों से तेल निकाल सस्ते दाम पर बेचने की शिकायत
जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग टीम को शिकायत मिली थी कि अग्रोहा क्षेत्र से गुजरने वाले तेल टैंकरों एवं अन्य वाहनों के ड्राइवर चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल निकालकर कुछ होटल एवं ढाबा संचालकों को बाजार भाव से कम कीमत पर बेचते हैं। इसके बाद ये होटल और ढाबा संचालक इस तेल को आगे अन्य लोगों को सस्ते दामों पर बेच देते हैं। कुछ जगहों पर इस तेल का अवैध रूप से भंडारण भी किया जाता है।
शिकायत में इस ईंधन के अवैध भंडारण किए जाने से किसी भी समय आगजनी अथवा अन्य गंभीर हादसा होने की आशंका भी जताई गई। शिकायत के आधार पर सीएम फ्लाइंग टीम ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर औचक जांच शुरू कर दी।
तीन होटल-ढाबों की जांच, रिकॉर्ड और तेल की स्थिति देखी
संयुक्त टीम ने क्षेत्र के श्रीराम वैष्णों ढाबा, श्री बालाजी ढाबा और रेड रोज ढाबे पर पहुंचकर मौके की स्थिति का निरीक्षण किया और तेल से संबंधित जानकारी जुटाई। तीनों जगह पेट्रोल और डीजल का स्टॉक मिला। पूछताछ में ढाबा संचालक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर तीनों ढाबा संचालकों को नोटिस जारी किए हैं।
नोटिस में पूछा गया है कि वे इस पेट्रोल और डीजल का कहां से खरीद कर लाए हैं और इसका उपयोग किसलिए करते हैं। विभाग ने ढाबा संचालकों से तेल के स्रोत और उसके भंडारण से संबंधित जानकारी मांगी है। जांच अधिकारियों का कहना है कि अब नोटिस के जवाब और विभागीय जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध तेल खरीदने-बेचने पर होगी कार्रवाई
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा कि पेट्रोल-डीजल जैसी ज्वलनशील वस्तुओं का अवैध रूप से भंडारण करना गंभीर मामला है। तेल टैंकरों या अन्य वाहनों से चोरी-छिपे पेट्रोल-डीजल निकालकर खरीदना और उसे आगे बेचना गैर कानूनी है। इस प्रकार के अवैध भंडारण से आगजनी जैसी घटना का खतरा भी बना रहता है।
इस प्रकार पेट्रोल-डीजल की अवैध खरीद, बिक्री अथवा भंडारण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि पेट्रोल-डीजल अधिकृत पेट्रोल पंपों से ही खरीदें। अगर किसी स्थान पर टैंकरों से चोरी करके तेल बेचने, खरीदने अथवा बड़ी मात्रा में अवैध भंडारण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को दें।