- टॉप-10 पॉल्यूटिड शहरों में प्रदेश के 5, NCR में ग्रैप-3 लागू
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में प्रदूषण की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुग्राम जिले के पंचगांव में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 426 दर्ज किया गया। ये देश के 280 निगरानी वाले शहरों में सबसे अधिक प्रदूषित है।
उत्तर प्रदेश का गजरौला 407 AQI के साथ दूसरे और हरियाणा का बल्लभगढ़ 397 के साथ तीसरे नंबर पर है। दिल्ली का AQI 382 दर्ज किया गया है।
देश के टॉप-10 प्रदूषित शहरों में हरियाणा के पंचगांव, बल्लभगढ़, गुरुग्राम और भिवानी सहित पांच शहर शामिल हैं। गुरुग्राम का AQI 368 और भिवानी का 353 रहा। प्रदेश के कई शहरों की हवा दिल्ली से भी ज्यादा प्रदूषित है।
ग्रैप का तीसरा चरण लागू
प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने 6 नवंबर को दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू कर दिया।
पहले से लागू GRAP-1 और GRAP-2 के साथ अब GRAP-3 की पाबंदियां भी प्रभावी होंगी। इससे हरियाणा के NCR क्षेत्र (14 जिलों) में निर्माण कार्यों, वाहनों, स्टोन क्रशर और खनन गतिविधियों पर सख्ती बढ़ेगी।
हरियाणा के 14 शहरों में हवा बहुत खराब
प्रदेश में पंचगांव की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच गई है। बल्लभगढ़, गुरुग्राम, भिवानी, हिसार, मानेसर, बहादुरगढ़, फरीदाबाद, चरखी दादरी और रोहतक में हवा बहुत खराब श्रेणी में है।
अंबाला, धारूहेड़ा, सोनीपत, जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और नारनौल में भी प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में है। इसके उलट पंचकूला में AQI 59 और पलवल में 135 दर्ज हुआ। सिरसा और फतेहाबाद में भी स्थिति बेहतर रही।
GRAP-3 में हरियाणा के NCR जिलों पर ये पाबंदियां…
1. निर्माण कार्यों पर रोक: NCR में खुदाई, पाइलिंग, तोड़फोड़, ईंट-चिनाई, सड़क निर्माण, पेंटिंग, टाइल कटिंग और धूल पैदा करने वाले कई निर्माण कार्य बंद रहेंगे। रेलवे, मेट्रो, एयरपोर्ट, अस्पताल, राष्ट्रीय सुरक्षा और कुछ जरूरी सार्वजनिक परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के साथ छूट मिलेगी।
2. स्टोन क्रशर और खनन बंद: पूरे NCR में स्टोन क्रशर के संचालन और खनन गतिविधियों पर रोक रहेगी।
3. पुराने वाहनों पर प्रतिबंध: BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल या इससे पुराने मानक वाली चार पहिया LMV गाड़ियों पर दिल्ली के अलावा गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में सख्ती लागू होगी। दिव्यांग व्यक्तियों के विशेष रूप से अनुकूलित वाहनों को आदेश में छूट दी गई है।
4. पांचवीं तक हाइब्रिड पढ़ाई: गुरुग्राम और फरीदाबाद में पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पढ़ाई का विकल्प अनिवार्य किया गया है। ऑनलाइन पढ़ाई का विकल्प अभिभावक और विद्यार्थी चुन सकेंगे।
5. कार्यालयों में 50% स्टाफ का विकल्प: राज्य सरकारें सरकारी, नगर निकाय और निजी कार्यालयों में 50% कर्मचारियों को कार्यालय बुलाने तथा बाकी को वर्क फ्रॉम होम देने का निर्णय ले सकती हैं।