September 21, 2026
21 sep 4
  • 5 घंटे बाद अंबाला से तिजारा रवाना, पंचकूला टोल पर पकड़ा था, आज चेयरमैन पद की वोटिंग

 

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा-हिमाचल की सीमा पर आधी रात हाईवोल्टेज सियासी ड्रामा शुरू हो गया। राजस्थान के तिजारा नगर परिषद चेयरमैन चुनाव से पहले रविवार रात 9 बजे कांग्रेस व निर्दलीय 18 पार्षदों को चंडीमंदिर (सूरजपुर) टोल प्लाजा पर रोक लिया गया। आरोप है कि पुलिस उन्हें मोरनी हिल्स में एक रिसॉर्ट में ले गई। करीब 5 घंटे बाद उन्हें अंबाला के शाहबाद में छोड़ा गया, जहां से वे तिजारा रवाना हो गए।

कांग्रेस ने इन पार्षदों को बाड़ेबंदी के लिए हिमाचल में रखा था। तिजारा ले जाते समय हरियाणा सीमा में एंट्री पर उन्हें रोके जाने का आरोप है। कांग्रेस नेता इमरान खान ने दावा किया कि बिना नंबर प्लेट/ढकी नंबर प्लेट वाली गाड़ियों में आए 25 पुलिसकर्मियों ने पार्षदों की बस और गाड़ियां रोकीं और उन्हें पिंजौर थाने ले गए। उनके पास AK-47 होने का भी दावा किया गया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने सुबह 7 बजे थाने के बाहर धरना दिया।

मामला बढ़ने पर तिजारा कलेक्टर ने चेयरमैन चुनाव की वोटिंग का समय सुबह 11 से दोपहर 2 बजे के बजाय दोपहर 2 से शाम 6 बजे कर दिया। उधर, पंचकूला DSP रामकुमार ने कहा कि पुलिस ने किसी को नहीं रोका, पार्षद कहां थे इसकी जांच की जा रही है।

 

चंडीमंदिर टोल पर पार्षद उठाने का दावा

हिमाचल से लौट रहा था काफिला: तिजारा नगर परिषद के करीब 18 पार्षद कांग्रेस की बाड़ेबंदी में हिमाचल प्रदेश गए हुए थे। हिमाचल में कांग्रेस सरकार होने के चलते पार्टी उन्हें ‘ऑपरेशन पार्षद’ से बचाने ले गई थी। रविवार रात को वे राजस्थान के लिए रवाना हुए।

टोल पर घेराबंदी: इमरान खान ने दावा किया कि जैसे ही पार्षदों की बस और 8 गाड़ियां हरियाणा के सूरजपुर टोल (चंडीमंदिर) के पास पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया।

बिना नंबर की गाड़ियां: कांग्रेस नेता का आरोप है कि पुलिसकर्मी जिन गाड़ियों में आए थे, उनमें से कई पर नंबर प्लेट नहीं थी और कुछ की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। पुलिस ने पार्षदों की बस और सभी 8 गाड़ियों को पिंजौर थाने में खड़ा करवा दिया। हमारे सारे पार्षदों को मोरनी हिल्स के एक रिसॉर्ट में रखा गया था।

विधायक बालकनाथ पर आरोप लगायाः कांग्रेस नेता इमरान खान ने आरोप लगाया कि तिजारा से वर्तमान विधायक बालकनाथ ने ये साजिश रची। उन्होंने सरकार की पावर इस्तेमाल कर वोट न डालने देने के लिए ये सब किया।

SHO बोले- टोल पर लावारिस गाड़ियां मिलीः धरने पर बैठे कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय चौहान ने बताया कि प्रशासन की ओर से SHO राजेश कुमार ने इन्हें बताया है कि उन्हें नहीं पता कि पार्षद कहां गए। उन्हें तो टोल पर लावारिस गाड़ियां मिली हैं। जिन्हें लेकर वे थाने आए हैं।

तिजारा नगर परिषद का पूरा गणित

तिजारा नगर परिषद का चुनावी समीकरण बेहद दिलचस्प है, जिसके कारण यह पूरी सियासी जंग छिड़ी हुई है:

कुल वार्ड: 35

चुनाव के नतीजे

  • निर्दलीय: 31 पार्षद (सबसे बड़ा उलटफेर)
  • भाजपा: 03 पार्षद
  • कांग्रेस: 01 पार्षद

आज होनी है वोटिंग, सस्पेंस बरकरार

तिजारा में आज ही नगर परिषद के मुख्य पद के लिए वोटिंग होनी है। ऐसे में वोटिंग से ठीक कुछ घंटे पहले बहुमत वाले पार्षदों का इस तरह ‘गायब’ होना तिजारा की सियासत में बड़ा उलटफेर कर सकता है। अब देखना होगा कि क्या ये पार्षद समय पर वोटिंग के लिए तिजारा पहुंच पाते हैं या नहीं।