September 17, 2026
17 sep 15
  •  युवाओं को दिया नशा मुक्ति का संदेश

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : अंबाला में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत नशा मुक्त नमो मैराथन का आयोजन किया गया। हर्बल पार्क के नजदीक आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मैराथन के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों और युवाओं ने भी भाग लिया। प्रशासन की ओर से मैराथन के रूट, सुरक्षा, मेडिकल सुविधा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

पीएम मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देकर की। उन्होंने कहा कि आज का दिन इसलिए खास है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। उन्होंने हरियाणा के करीब पौने तीन करोड़ लोगों की ओर से प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

सीएम ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि राष्ट्र सेवा के उनके संकल्प को और शक्ति मिले।

सैनी बोले- पद नहीं सेवा बड़ी, सत्ता नहीं संकल्प

नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से सेवा और समर्पण की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि पद से ज्यादा सेवा, सत्ता से ज्यादा संकल्प और स्वयं से पहले राष्ट्र महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी सेवा और संकल्प की भावना के साथ अंबाला की धरती से नशा मुक्त हरियाणा का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर प्रदेश को नशामुक्त बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।