September 17, 2026
17 sep 13
  • बिन पासपोर्ट फरीदाबाद में रहे

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर से फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने 3 विदेशियों को 15 करोड़ रुपए की कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 8 साल से बिना पासपोर्ट-वीजा के यहां रह रहे थे। दिल्ली-NCR में ड्रग तस्करी करते थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कॉलेज स्टूडेंट्स और रेव पार्टियों में ड्रग सप्लाई होता था। पहले इनके छोटे-छोटे पैकेट बनाए जाते, इसके बाद पैडलर्स के जरिए पहुंचाते थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी तीन साल से फरीदाबाद रहकर अपना नेटवर्क चला रहे थे।

जांच में 9 अन्य विदेशी नागरिक भी पुलिस के रडार पर आए हैं। इसके साथ ही कॉलेज कैंपस एरिया में चेकिंग बढ़ा दी गई है।

नाइजीरिया-कैमरून के आरोपी

एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी नाइजीरिया और कैमरून के मूल निवासी हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वे साल 2018 में भारत आए थे। इसके बाद पिछले करीब तीन साल से फरीदाबाद के लक्कड़पुर इलाके में किराए का मकान लेकर रह रहे थे। यहीं से ड्रग्स का नेटवर्क चला रहे थे।

पुलिस अब जांच कर रही है कि बिना वेलिड डॉक्यूमेंट के आरोपी इतने लंबे समय तक भारत में कैसे रह रहे थे। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि लोकल स्तर पर उन्हें किसका प्रोटेक्शन मिला हुआ था।

छोटी पैकिंग में दिल्ली-एनसीआर तक सप्लाई

एसीपी के मुताबिक पुलिस ने लक्कड़पुर और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया तो 9 अन्य विदेशी नागरिकों के बारे में भी महत्वपूर्ण सुराग मिले। पुलिस इन सभी के रिकॉर्ड खंगाल रही है और वीजा-पासपोर्ट की जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि ड्रग नेटवर्क के तार और भी लोगों से जुड़े हो सकते हैं।

सप्लायर और नेटवर्क का पता लगाएगी पुलिस

पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन आरोपियों तक कहां से पहुंची, इसका मुख्य सप्लायर कौन है और दिल्ली-एनसीआर में इनके संपर्क किन-किन लोगों से हैं।

एसीपी अमन यादव ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय ड्रग नेटवर्क को झटका लगा है। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।