November 3, 2026
3 nov 16
  • बिहार पुलिस की टिप पर STF ने पकड़ा युवती भी शामिल, यूपी में होनी थी डिलीवरी

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के झज्जर में STF रोहतक ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक टाटा हैरियर और हुंडई ऑरा गाड़ी से 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बहादुरगढ़-रोहतक नेशनल हाईवे पर रोहद टोल प्लाजा के पास एसटीएफ ने दोनों गाड़ियों को पकड़ा। बिहार पुलिस की ओर से इसकी सूचना मिली थी।

गाड़ियों में सवार एक युवती सहित पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले हैं। डीएसपी शमशेर दहिया के मुताबिक, टाटा हैरियर से KF 7.65 और BMM KF बोर के 24,400 कारतूस तथा हुंडई ऑरा से BMM KF के 600 कारतूस बरामद किए गए।

शुरुआती जाँच में सामने आया है कि ये कारतूस सिरसा के एक गन हाउस से खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे थे। इतनी बड़ी संख्या में कारतूसों की बरामदगी ने हथियार और गोला-बारूद की सप्लाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।

सिरसा के गन हाउस से कारतूस खरीदने का दावा

एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये आरोपी सिरसा के एक गन हाउस से कारतूस खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। STF अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी संख्या में कारतूस किस उद्देश्य से ले जाए जा रहे थे। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव भी है।

यूपी चुनाव से पहले सप्लाई तस्करी के नेटवर्क की जांच

सूत्रों के हवाले से यह भी दावा किया जा रहा है कि कारतूसों की सप्लाई के कथित नेटवर्क की जांच की जा रही है। STF यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कारतूसों की खरीद और सप्लाई किन लोगों तक होनी थी। हालांकि, चुनाव से संबंध और कारतूसों के इस्तेमाल को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

गाड़ी यूपी के आगरा आरटीओ में रजिस्टर्ड

एसटीएफ के मुताबिक, टाटा हैरियर गाड़ी का नंबर UP 80 से शुरु हो रहा है, जो आगरा जिले का आरटीओ (RTO) कोड है। मामले की गंभीरता को देखते हुए STF के वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर सकते हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और कारतूसों की खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच के आधार पर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।