- मुख्यालयों पर होगा प्रदर्शन
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा रोडवेज के निजीकरण और लंबित मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारियों ने एक बार फिर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोनीपत में मंगलवार को कर्मचारियों ने प्रोटेस्ट की रणनीति को लेकर मीटिंग बुलाई।
सांझा मोर्चा हरियाणा के आह्वान पर 5 और 6 नवंबर को प्रदेशभर में रोडवेज का चक्का जाम रहेगा। इस दौरान सोनीपत सहित सभी डिपो के कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर रहेंगे और कोई भी कर्मचारी काम नहीं करेगा।
कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन भी करेंगे। रोडवेज यूनियनों का कहना है कि सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक मांगों का समाधान नहीं हुआ है। ऐसे में कर्मचारियों ने आंदोलन को तेज करने का फैसला लिया है।
लंबे समय से संघर्ष कर रहे कर्मचारी
सांझा मोर्चा हरियाणा के वरिष्ठ सदस्य मनजीत पहल ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख 10 मांगें हैं, जिन्हें लेकर लंबे समय से सरकार के सामने आवाज उठाई जा रही है। कई बार बातचीत होने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसलिए 5 और 6 नवंबर को प्रदेशभर में पूरी तरह चक्का जाम किया जाएगा।
मंत्री विज की बैठक में जाने से इनकार
सोनीपत में रोडवेज कर्मचारियों का कहना है कि मंत्री अनिल विज की ओर से बैठक बुलाने की बात कही गई थी, लेकिन सांझा मोर्चा ने बैठक में जाने से इनकार कर दिया है।
बैठकों से कोई नतीजा नहीं निकला
कर्मचारियों के अनुसार, इससे पहले भी सरकार के साथ कई दौर की बैठकें हो चुकी हैं, लेकिन उनका कोई नतीजा नहीं निकला। बार-बार बातचीत के बावजूद मांगें लंबित हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि मुख्यमंत्री की ओर से बातचीत के लिए बुलाया जाता है तो सांझा मोर्चा जरूर जाएगा।
बसों के संचालन में समस्याएं
सांझा मोर्चा के सदस्य अनिल आंतिल ने कहा कि सरकार की ओर से हरियाणा रोडवेज के बेड़े में 3500 बसें होने की बात कही जाती है, लेकिन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि इस हड़ताल में प्रत्येक कर्मचारी एकजुट होकर भाग लेगा और इसे सफल बनाएगा।