- आज और कल रहेगा असर
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : दिल्ली मंडल में परिचालन संबंधी कारणों से रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इसका असर हरियाणा से दिल्ली के रास्ते सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार 12 से 13 सितंबर 2026 के बीच 4 रेलसेवाओं के संचालन में आंशिक बदलाव किया गया है।
गाड़ी संख्या 14737 भिवानी-तिलक ब्रिज रेलसेवा 12 और 13 सितंबर को भिवानी से चलकर शकूरबस्ती तक ही संचालित होगी। ऐसे में शकूरबस्ती से तिलक ब्रिज के बीच यह ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी।
भिवानी-रोहतक के यात्रियों को होगी परेशानी
इसी तरह गाड़ी संख्या 14738 तिलक ब्रिज-भिवानी रेलसेवा भी 12 और 13 सितंबर को तिलक ब्रिज के बजाय शकूरबस्ती से संचालित होगी। यानी तिलक ब्रिज से शकूरबस्ती के बीच ट्रेन का संचालन नहीं होगा। इससे भिवानी, रोहतक और दिल्ली के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनानी होगी।
तिलक ब्रिज के बजाय नई दिल्ली से चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 15307 तिलक ब्रिज-सिरसा रेलसेवा के संचालन में भी बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 11 और 12 सितंबर को तिलक ब्रिज के बजाय नई दिल्ली से संचालित होगी। तिलक ब्रिज से नई दिल्ली के बीच इसका संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा।
रेवाड़ी-मेरठ कैंट ट्रेन बदले मार्ग से चलेगी
गाड़ी संख्या 54411 रेवाड़ी-मेरठ कैंट रेलसेवा 12 सितंबर को अपने निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। रेलवे के अनुसार यह ट्रेन दिल्ली किशनगंज, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली शाहदरा और साहिबाबाद होकर मेरठ कैंट जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन और मार्ग की जानकारी जरूर जांच लें, ताकि स्टेशन या मार्ग में बदलाव के कारण उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।