September 12, 2026
12 sep 1
  • 3 जिलों में बादल छाए, कल से 2 दिन झमाझम बरसेंगे बादल

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर से बदलने वाली हैं। मौसम विभाग (IMD चंडीगढ़) के पूर्वानुमान के अनुसार, आज प्रदेश के 16 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ शामिल हैं।

शनिवार की सुबह पानीपत के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जबकि करनाल, सोनीपत, भिवानी में बादल छाए हुए है। इसके अलावा कल से दो दिन झमाझम बारिश की संभावना भी जताई गई है।

शुक्रवार को भी प्रदेश के सात जिलों में बारिश हुई थी। इसकी वजह से राज्य के औसतन तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन कुछ पश्चिमी जिलों में अभी भी तेज गर्मी का असर देखा जा रहा है। 2 मुख्य जिलों सिरसा और हिसार में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। अंबाला और चरखी दादरी में तापमान 36°C से अधिक रहा।

कल हरियाणा के 7 जिलों में बारिश हुई

शुक्रवार को दोपहर में गुरुग्राम, रेवाड़ी और रोहतक में बारिश हुई। इसके बाद शाम को पानीपत, हिसार, नूंह और भिवानी में भी बारिश हुई। एक हफ्ते से मानसून कमजोर पड़ने के कारण प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। यह सामान्य से करीब 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहा।

जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान…

प्रदेश में सिरसा रहा सबसे गर्म : प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान में 0.8°C की मामूली गिरावट दर्ज की गई, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 1.7°C अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे गर्म स्थान सिरसा रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8°C तक पहुंच गया। इसके बाद हिसार में 38.4°C और हिसार के बालसमंद में 38.0°C दर्ज किया गया।

नारनौल में रातें सबसे ठंडी : हरियाणा में बीते 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 0.2°C की हल्की वृद्धि देखी गई है, जो फिलहाल सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में दर्ज किया गया, जहां रात का पारा 24.0°C रहा। वहीं भिवानी 24.5°C और हिसार 24.8°C में भी रातें अपेक्षाकृत सुहावनी रहीं।