- 128 खिलाड़ी शामिल, लिस्ट में 2 गोल्ड जीतने वाली मोना का नाम नहीं
हरियाणा के एशियन गेम्स मेडलिस्ट खिलाड़ियों के सम्मान के लिए भीम स्टेडियम में समारोह का शुभारंभ हो गया है। सीएम नायब सैनी समारोह में पहुंच चुके है। उन्होंने खेल कैलेंडर लॉन्च किया। फिलहाल, पंजाब और हरियाणा की टीम का कुश्ती मैच चल रहा है।
इसके बाद एशियन और पैरा एशियन गेम्स के 128 खिलाड़ियों को कुल करीब 185 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। एशियन गेम्स में प्रदेश के 91 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इन्होंने 14 गोल्ड, 9 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। गोल्ड मेडल विजेताओं को 3 करोड़, सिल्वर वालों को डेढ़ करोड़ और ब्रॉन्ज विजेताओं को 75 लाख रुपए दिए जाएंगे।
इसके साथ ही पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेताओं और प्रतिभागियों को करीब 51.82 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। प्रतिभागी खिलाड़ियों को साढ़े 7 लाख रुपए मिलेंगे।
वहीं, एशियन पैरा गेम्स में 2 गोल्ड मेडल जीतने वाली महेंद्रगढ़ की मोना अग्रवाल का नाम इस लिस्ट में नहीं है। उनके पति रविंद्र कुमार ने कहा, सरकार ने तर्क दिया था कि मायका राजस्थान में है। मगर, सरकार राजस्थान के देवेंद्र को भी सम्मानित कर चुकी है।
पैरा खेलों के 37 खिलाड़ियों को भी मिलेगा सम्मान
समारोह में पैरा एशियन गेम्स के खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसमें खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 9 गोल्ड, 9 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे। कुल 37 खिलाड़ियों को करीब 52 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कार्यक्रम में हरियाणा और पंजाब की महिला टीमों के बीच सर्कल कबड्डी मैच होगा। इसके अलावा वेटरन महिला और पुरुष खिलाड़ियों की दौड़ भी कराई जाएगी।
जानिए कौन हैं मोना अग्रवाल, जिन्होंने 2 गोल्ड जीते:-
- एशियन पैरा गेम्स में जीते दो गोल्ड मेडल: जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स-2026 में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल का नाम हरियाणा सरकार के सम्मान समारोह की सूची में शामिल नहीं किया गया है। मोना नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव कालवा की बहू हैं। उनका नाम सूची में नहीं होने पर पति रविंद्र कुमार ने नाराजगी जताई है।
- 10 मीटर एयर राइफल में बनाया विश्व रिकॉर्ड: मोना ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग इवेंट-1 और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन इवेंट-1 में स्वर्ण पदक जीते। 10 मीटर स्पर्धा में 357.5 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड भी बनाया। इससे पहले पेरिस पैरालिंपिक-2024 में वह 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग इवेंट-1 में कांस्य पदक जीत चुकी हैं। राजस्थान सरकार भी अगस्त में उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर सम्मानित कर चुकी है।
- मूल निवास प्रमाण पत्र राजस्थान का होने का दिया तर्क: मोना के पति रविंद्र कुमार के अनुसार, हरियाणा सरकार की ओर से उनका नाम सूची में शामिल नहीं करने के पीछे राजस्थान का मूल निवास प्रमाण पत्र होने का तर्क दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राजस्थान के चूरू निवासी खिलाड़ी देवेंद्र को भी हरियाणा सरकार सम्मानित कर चुकी है। राजस्थान में शादी करने वाली सादुलपुर की पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया को भी सम्मान दिया गया था। ऐसे में मोना भी कालवा गांव की बहू हैं। केवल मूल निवास प्रमाण पत्र के आधार पर उन्हें सम्मान से वंचित करना उचित नहीं है।
8 परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास करेंगे CM
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान 8 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें भिवानी-चरखी दादरी रोड पर 84.33 करोड़ रुपए की लागत से बना सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और रेवाड़ी-भटिंडा रेलवे लाइन पर एलसी-52सी के पास 26.03 करोड़ रुपए की लागत से बना रेलवे ओवरब्रिज शामिल हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में 7.47 करोड़ रुपए की लागत से बने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन स्कूल के सीनियर सेकेंडरी विंग का भी उद्घाटन होगा। वहीं, तोशाम में 4.14 करोड़ रुपए की लागत से ब्लॉक कार्यालय भवन और बामला में 4.32 करोड़ रुपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कैरू में 4.30 करोड़, भाखड़ा में 7.23 करोड़ और ईश्वरवाल-द्वितीय में 4.28 करोड़ रुपए की लागत से बने 33 केवी सब स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।