October 30, 2026
30 oct 10
  • दिवाली से पहले कर्मचारी नाराज, यूनियन नेता बोले-प्रोत्साहन राशि वापस लेना उचित नहीं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के शहरी निकाय विभाग ने सफाई कर्मचारियों के लिए 2 हजार भत्ता देने की घोषणा की है। विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार ये भत्ता नियमित सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन को पालिका रोल सफाई कर्मचारियों और सीवरमैनों के समतुल्य 2000 रुपए प्रति माह का जोखिम भत्ता प्रदान किया जाएगा।

विभाग की ओर से जारी लेटर में इसकी पुष्टि की गई है। लेटर में स्पष्ट किया गया कि कर्मचारियों को मिलने वाली परफॉरमेंस आधारित सालाना राशि नहीं मिलेगी, जिससे कर्मचारियों में रोष है।

अब नहीं मिलेगा परफॉरमेंस आधारित भत्ता

लेटर में स्पष्ट किया गया है कि पत्र संख्या DULB/Estt./3E/2023/35496 दिनांक 24 नवंबर, 2023 और DULB/Estt./3E/2026/2828 दिनांक 04 जून, 2026 के माध्यम से नियमित सफाई कर्मचारियों को जोखिम भत्ते के बदले में दिए जाने वाले परफॉरमेंस से जुड़े वार्षिक प्रोत्साहन जो 12 हजार रुपए और 9 हजार रुपए है, को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया जाता है।

पत्र में ये भी स्पष्ट किया गया है कि इस मद पर होने वाला खर्च संबंधित नगर पालिका द्वारा स्वयं वहन किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार द्वारा कोई अतिरिक्त अनुदान, ऋण या वित्तीय सहायता प्रदान नहीं की जाएगी। उपरोक्त ये मामला वित्त विभाग और मानव संसाधन विभाग की सहमति से जारी किया गया है।

राज्य नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान नरेश शास्त्री ने परफॉरमेंस अलाउंस वापस लिए जाने पर इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा है कि ये न्याय संगत नहीं है क्योंकि कर्मचारियों की बेहतर कार्यशैली को लेकर प्रोत्साहन राशि दिया जाना जरुरी है ताकि उनको बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। लेकिन अब सरकार इसको वापस ले रही है लेकिन ये उचित नहीं है। जो 2 हजार की भत्ता दिए जाने की बात है वो रिस्क अलाउंस है।