- CM सैनी दिखाएंगे हरी झंडी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद में 27 सितंबर को होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सूरजकुंड से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। अब तक 70 हजार से अधिक लोग मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग और श्रेणियों के लिए दौड़ आयोजित की जाएगी।
डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों के साथ मैराथन के निर्धारित रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें तैयारियों की प्रगति के बारे में बताया।
सड़क के गड्ढे जल्द भरने के निर्देश
डीसी ने नगर निगम, एफएमडीए, एचएसवीपी और अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मैराथन रूट की सड़क को अच्छी तरह जांचा जाए। जहां भी गड्ढे हैं, उनकी तुरंत मरम्मत कराई जाए। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और सफाई का काम भी जल्द पूरा करने को कहा गया।
रूट पर सभी जरूरी सुविधाएं दुरुस्त हों
डीसी ने कहा कि मैराथन रूट पर सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट और हरियाली समेत सभी जरूरी सुविधाएं ठीक होनी चाहिए। मैराथन तक रूट की लगातार निगरानी की जाए और कमियां मिलने पर उन्हें तुरंत दूर किया जाए।
नशे से दूर रहने का दिया जाएगा संदेश
डीसी ने कहा कि हाफ मैराथन सिर्फ खेल आयोजन नहीं है, बल्कि ‘ड्रग फ्री हरियाणा’ का संदेश देने का अभियान भी है। इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रशासन को उम्मीद है कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल होंगे।