- 25% अंक जरूरी, 3 फेस में होगा चयन
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) ने फूड एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट में फूड सेफ्टी ऑफिसर (ग्रुप-बी) के 45 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का पैटर्न, सिलेबस और महत्वपूर्ण तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, कुल 3 चरणों (स्क्रीनिंग टेस्ट, सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट और इंटरव्यू) की प्रक्रिया के जरिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
2 घंटे में देने होंगे 100 सवालों के जवाब
स्क्रीनिंग टेस्ट 6 दिसंबर 2026 को होगी, जिसमें 2 घंटे की परीक्षा में 100 अंकों के 100 बहुविकल्पीय (MCQ) प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत जवाब देने पर 1/4 अंक काटा जाएगा। अगर किसी प्रश्न का उत्तर नहीं देना है, तो 5वां गोला भरना अनिवार्य होगा। यदि अभ्यर्थी 10% से अधिक प्रश्नों में कोई भी गोला नहीं भरता है, तो उसे अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।
स्क्रीनिंग में 25 प्रतिशत अंक जरूरी
परीक्षा में न्यूनतम 25 प्रतिशत अंक लाना अनिवार्य है। कुल विज्ञापित पदों से 4 गुना अभ्यर्थियों को अगले चरण (सब्जेक्ट टेस्ट) के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसमें जनरल साइंस, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय समसामयिकी (Current Affairs), भारत का इतिहास, भूगोल, भारतीय संस्कृति, राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था, रीजनिंग, 10वीं स्तर की गणित व डाटा इंटरप्रिटेशन तथा हरियाणा जीके (इतिहास, भूगोल, संस्कृति आदि) से प्रश्न पूछे जाएंगे। इंटरव्यू का कुल वेटेज 12.5% तय किया गया है।
सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट का मुख्य सिलेबस (12 यूनिट्स)…
- फूड केमिस्ट्री एंड कॉन्स्टिट्यूएंट्स: कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, लिपिड, एंजाइम, पीएच मान, एसिडिटी और फूड रिएक्शंस।
- ह्यूमन न्यूट्रिशन एंड पब्लिक हेल्थ: पोषण, संतुलित आहार, बीएमआई, बीएमआर, कुपोषण और भारत के प्रमुख पोषण कार्यक्रम।
- फूड माइक्रोबायोलॉजी: खाद्य संबंधी सूक्ष्मजीव, पैथोजन्स, फूड पॉइजनिंग और फर्मेंटेशन।
- प्राइमरी प्रोडक्शन एंड फूड सप्लाई: कृषि पद्धतियां, डेयरी, पोल्ट्री, मत्स्य पालन, कीटनाशक और नाबार्ड/आईसीएआर की भूमिका।
- फूड कमोडिटीज एंड प्रोडक्ट टेक्नोलॉजी: दूध, मांस, अनाज, फल, सब्जियों की गुणवत्ता और मिलावट।
- प्रिजर्वेशन, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग एंड स्टोरेज: पाश्चराइजेशन, स्टरलाइजेशन, कोल्ड चेन, नए पैकेजिंग तरीके और शेल्फ लाइफ।
- फूड हैज़ार्ड्स, हाइजीन एंड सेफ्टी मैनेजमेंट: एफएसएसएआई शेड्यूल 4, एचएसीसीपी और आईएसओ 22000:2018 मानक।
- फूड सैंपलिंग, एनालिसिस एंड लैब क्वालिटी: सैंपलिंग प्लान, रासायनिक/माइक्रोबायोलॉजिकल जांच, FSSAI RAFT किट और ISO/IEC 17025।
- इंडियन फूड लॉ एंड रेगुलेटरी कंप्लायंस: खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 (FSS Act 2006), नियम 2011, लाइसेंसिंग और एफएसओ (FSO) के अधिकार व कर्तव्य।
- एफएसएसएआई सिस्टम्स एंड इनिशिएटिव्स: ‘ईट राइट इंडिया’, ईट-स्ट्रीट फूड हब, रूको पहल और एगमार्क/बीआईएस जैसी संस्थाओं की भूमिका।
- इंटरनेशनल फूड कंट्रोल एंड स्टैंडर्ड्स: कोडैक्स एलीमेंटेरियस कमीशन, WTO SPS/TBT समझौते।
- फूड बायोटेक्नोलॉजी एंड इमर्जिंग डेवलपमेंट्स: जेनेटिकली मॉडिफाइड (GM) फूड्स, बायोप्रोसेसिंग और FSSAI के नए नियम।