September 2, 2026
2 sep 4
  • लाठियां फटकारी, घसीट-घसीटकर बसों में डाला, विरोध में महिलाएं JCB पर चढ़ीं, टायरों की हवा निकाली   

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में सफाईकर्मचारियों का आंदोलन अब और तेज हो गया है। मंगलवार को जहां हिसार में बवाल हुआ, वहीं झज्जर के बहादुरगढ़ में देर रात पुलिस और सफाईकर्मचारियों के बीच झड़प हो गई। रात करीब 2 बजे प्रशासन और पुलिस की टीम कूड़ा उठाने पहुंची तो सफाई कर्मचारियों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।

देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए सफाई कर्मचारियों को दौड़ा दिया। आरोप है कि सफाईकर्मचारियों को घसीट-घसीटकर हिरासत में लिया गया। महिला कर्मियों को घसीटा गया। इसके विरोध में कुछ महिलाएं जेसीबी पर चढ़ गईं तो कुछ ने टायरों की हवा निकाल दी। बुधवार सुबह पांच बजे तक यह हंगामा चला।

इस पूरे घटनाक्रम के कुछ वीडियो भी सामने आए है, जिसमें सफाईकर्मी कूड़ा घर में उत्पात मचाते, पुलिस लाठियां फटकारते हुए दिखाई दे रही है। फिलहाल, पुलिस ने मामले को देखते हुए कूड़ा डलाव घरों और वाहनों की सुरक्षा बढ़ा दी है।

आमने-सामने आए प्रशासन और कर्मचारी : सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 28 दिन से चल रही है। इसे 2 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसी हड़ताल के चलते शहरों में जमा कूड़े को उठाने के लिए प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है। दूसरी ओर कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हैं। इसी वजह से प्रशासन और कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति लगातार बन रही है।

रात 2 बजे कूड़ा उठाने पहुंचे तो हुई झड़प : बहादुरगढ़ में शाम को चार बजे से धरना प्रदर्शन चल रहा था। मगर, रात दो बजे प्रशासन और सफाई कर्मचारी आमने-सामने हो गए। जैसे पुलिस और प्रशासन की टीमें कूड़ा उठवाने पहुंची तो आंदोलन कर रहे सफाई कर्मचारियों ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन सफाई कर्मी नहीं माने। वे कूड़ा डलाव घर में घुस गए।

पुलिस ने लाठियां फटकार कर दौड़ाया, कई हिसारत में: जब सफाई कर्मी नहीं माने तो पुलिस ने लाठियां फटकारनी शुरू कर दी। इससे दोनों ओर से झड़प शुरू हो गई। इसके बाद पुलिस ने कई को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि कूड़ा घर से महिला और पुरुष सफाईकर्मियों को घसीट-घसीट कर हटाया गया।

 महिलाएं जेसीबी पर चढ़ी, टायरों की हवा निकाली : इस पर सफाईकर्मी और उग्र हो गए। कुछ महिलाएं जेसीबी पर चढ़ गई। कुछ ने टायरों की हवा निकाल दी, जिसके लेकर उनकी जेसीबी चालक से कहासुनी भी हुई। पुलिस कार्रवाई के विरोध में कुछ महिला सफाई कर्मी रोती हुई नजर आई।

 कई सफाई कर्मचारियों के घायल होने की भी सूचना : झड़प के दौरान कई सफाई कर्मचारियों के घायल होने की भी सूचना है। घायल कर्मचारी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचे। यह हंगामा बुधवार सुबह पांच तक चल चलता रहा। प्रशासन की टीम कूड़ा उठाने में जुटी रही, जबकि सफाई कर्मचारी भी मौके पर डटे रहे और कूड़े की निगरानी करते नजर आए। इस दौरान काफी पुलिस बल तैनात रहा।

कल हिसार में पूर्व डिप्टी सीएम की कोठी के सामने हुआ था बवाल

मंगलवार को हिसार शहर में कचरा उठान को लेकर खूब बवाल हुआ था। पूर्व डिप्टी सीएम की कोठी के सामने नगर निगम की कचरा उठाने वाली गाड़ियों को एस्कॉर्ट करके पहुंची पुलिस टीम और प्रदर्शनकारी सफाई कर्मचारियों के बीच टकराव हो गया था।

कर्मचारियों ने जैसे ही गाड़ियों को रोकने की कोशिश की, पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई। महिलाओं ने कूड़ा उठाने वाले वाहन के ड्राइवर को भी बाहर खींच लिया और मारपीट की। एसएचओ की वर्दी खींची गई। इससे माहौल काफी तनावपूर्ण बन गया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा लिया। कई को हिरासत में ले लिया गया।

इसी दौरान एक महिला को पुलिसकर्मी को धक्का मारता दिखा। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला सफाई कर्मी गिरते-गिरते बची। उसने दोबारा उठकर विरोध जताया तो दोबारा धक्का दिया गया। उधर, इस टकराव में सात पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं, जिनको मामूली चोटें आई हैं।