October 16, 2026
16 oct 12
  • 2 झुलसे, फायर ब्रिगेड की 8 गाड़ियां मौके पर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव बलाचौर में शुक्रवार सुबह टायर का तेल निकालने वाली फैक्ट्री में तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज करीब 3 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर मौजूद थे। इनमें कुछ फैक्ट्री परिसर में बने क्वार्टरों में थे, जबकि कुछ अंदर काम कर रहे थे।

हादसे में 2 लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए फायर ब्रिगेड की 7 से 8 गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। फायर कर्मचारी करीब 3 घंटे से आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।

आग लगने से फैक्ट्री में खड़ा एक ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। इसके अलावा वहां रखे बड़ी संख्या में टायर भी जल गए। आग से लाखों रुपए का नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी नहीं हो पाया है।

गैस बैलून फटने से धमाका होने की आशंका

फैक्ट्री में मौजूद मजदूर हरबंस और लेखराज ने बातया कि वे बलाचौर स्थित एमएस यश ट्रेडिंग कंपनी में काम करते हैं। वे सुबह कमरे पर मौजूद थे, जो फैक्ट्री परिसर में ही है। करीब 11 बजे परिसर के अंदर तेज धमाका हुआ, जिससे पूरा कमरा हिल गया। वह तुरंत बाहर भागे तो देखा कि फैक्ट्री में से आग की लपटें उठ रही थीं।

मजदूरों का कहना है कि यह हादसा फैक्ट्री में गैस बैलून फटने से हुआ है। हालांकि धमाके और आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस हादसे में जिला लखीमपुर यूपी निवासी महेश और एक ट्रक ड्राइवर झुलस गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे में एक ट्रक पर हजारों टायर जल गए हैं।

टायरों से तेल निकालने का होता है काम

जानकारी के अनुसार, बलाचौर स्थित इस फैक्ट्री में पुराने टायरों से तेल निकालने का काम किया जाता है। यह फैक्ट्री काफी समय से संचालित हो रही है और यहां कई मजदूर काम करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे हुए इस हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में आग तेजी से फैल गई।

हादसे की सूचना मिलने पर छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई है। करीब 8 गाड़ियों मौके पर पहुंची हैं।