October 16, 2026
16 oct 13
  • गुरुग्राम-स्टॉकहोम के बीच सिटी-टू-सिटी सहयोग समझौते पर मुहर

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इन दिनों स्वीडन दौरे पर हैं। वहां राज्य सरकार और स्वीडिश कंपनियों के बीच कुल 4 हजार करोड़ रुपए के लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस दौरान शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी सीएम के साथ मौजूद रहे। इस दौरे से हरियाणा में भारी निवेश के साथ-साथ युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के नए रास्ते खुलेंगे।

गुरुग्राम और स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम के बीच हुआ सिटी-टू-सिटी कोलैबोरेशन समझौता हुआ है। इसके तहत दोनों शहर तकनीकी नवाचार (इनोवेशन), स्मार्ट सिटी सोल्यूशन, सतत शहरी विकास (सस्टेनेबल डेवलपमेंट) और नॉलेज शेयरिंग के क्षेत्र में एक साथ काम करेंगे। इससे गुरुग्राम के शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को नई दिशा मिलेगी।

जानिए… कहां कितना हुआ निवेश

  • 3,000 करोड़ रुपए: सशक्त भारत-आत्मनिर्भर भारत के विजन के तहत 3,000 करोड़ रुपए के मुख्य एलओआई पर हस्ताक्षर किए गए।
  • 1,000 करोड़ रुपए: रिटेल और वेयरहाउसिंग सेक्टर के लिए 1,000 करोड़ रुपए के निवेश पर सहमति बनी है। इससे प्रदेश में आधुनिक वेयरहाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, रिटेल नेटवर्क का विस्तार और लॉजिस्टिक्स सेक्टर मजबूत होगा।
  • युवाओं को स्वीडिश कंपनियों में मिलेगा रोजगार: व्यापारिक और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ स्वीडिश कंपनियों ने हरियाणा के स्किल्ड युवाओं को रोजगार के अवसर देने का आश्वासन दिया है। इससे युवाओं को वर्ल्ड क्लास ट्रेनिंग और स्किल डेवलपमेंट का मौका मिलेगा।

युवा शक्ति से बनेगा आत्मनिर्भर भारत

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह दौरा हरियाणा को ग्लोबल इन्वेस्टर्स के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित करेगा। स्वीडन की एडवांस्ड टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को हरियाणा की युवा ऊर्जा के साथ जोड़कर राज्य को आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। सरकार इन निवेशों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के लिए हर संभव सुविधा देगी।