August 26, 2026
26 aug 8
  • हरियाणा सरकार और अवाडा ग्रुप में MOU

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार को ग्रीन इंडस्ट्रियल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा कंपनी अवाडा ग्रुप ने हरियाणा सरकार के साथ मिलकर हिसार में 300 एकड़ में जीरो-कार्बन ग्रीन इंडस्ट्रियल कैंपस विकसित करने की योजना बनाई है।

इसके लिए दोनों पक्षों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। प्रस्तावित प्रोजेक्ट में करीब 10 हजार करोड़ रुपए के निवेश की संभावना जताई गई है और इससे 5 हजार से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्रस्तावित कैंपस को अगली पीढ़ी के औद्योगिक इकोसिस्टम के रूप में विकसित किया जाएगा। इसे विश्वसनीय, कम लागत वाली और चौबीसों घंटे उपलब्ध नवीकरणीय ऊर्जा से संचालित करने की योजना है।

इसका उद्देश्य उद्योगों को डी-कार्बोनाइजेशन यानी कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद करना, ऊर्जा सुरक्षा बढ़ाना और यूरोपीय संघ के कार्बन बॉर्डर एडजस्टमेंट मैकेनिज्म (CBAM) जैसी वैश्विक जरूरतों के अनुरूप प्रतिस्पर्धी बनाना है।

स्टेट इंडस्ट्रियल पॉलिसी के तहत मिलेगा सहयोग

एमओयू के तहत हरियाणा सरकार प्रस्तावित ग्रीन इंडस्ट्रियल पार्क को समर्थन देगी। इसके लिए राज्य की औद्योगिक नीति के तहत उपयुक्त प्रोत्साहन पैकेज, भूमि से जुड़े सहयोग, इंफ्रास्ट्रक्चर और यूटिलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे उद्योगों को एक ही स्थान पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

एमओयू से हिसार को ये होगा फायदा…

जर्मनी, फ्रांस समेत कई देशों के निवेशकों पर नजर : इस साझेदारी का एक प्रमुख उद्देश्य एंकर निवेशकों, टेक्नोलॉजी पार्टनर्स और अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक समूहों को हिसार तक लाना है। जर्मनी, फ्रांस, इटली, बेल्जियम और दक्षिण कोरिया जैसे प्रमुख बाजारों के निवेशकों को प्रस्तावित ग्रीन इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम से जोड़ने की योजना है।

स्वच्छ और स्थिर बिजली मिल सकेगी : कंपनी के अनुसार कैंपस में नवीकरणीय ऊर्जा, औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्रीन मैन्युफैक्चरिंग को एक साथ विकसित किया जाएगा। इससे उद्योगों को स्वच्छ और स्थिर बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनकी कार्बन इंटेंसिटी कम करने में मदद मिलेगी।

हिसार में बनेगा बड़ा इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम : प्रस्तावित प्रोजेक्ट से निवेश आकर्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। योजना के अनुसार 300 एकड़ के इस कैंपस में 5 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इससे हिसार और आसपास के क्षेत्र में एक बड़े ग्रीन इंडस्ट्रियल इकोसिस्टम के विकास को गति मिल सकती है।

अवाडा ग्रुप के चेयरमैन जितेंद्र जैन ने एमओयू पर कहा- हरियाणा सरकार के साथ साझेदारी राज्य के औद्योगिक विकास में नई दिशा देगी। उन्होंने कहा कि हिसार में प्रस्तावित 300 एकड़ का ग्रीन इंडस्ट्रियल कैंपस कम लागत और चौबीसों घंटे उपलब्ध नवीकरणीय ऊर्जा, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और CBAM के अनुरूप मैन्युफैक्चरिंग के जरिए उद्योगों को वैश्विक बाजार के लिए तैयार करने में मदद करेगा।

सरकार और कंपनी मिलकर करेंगी काम

एमओयू में निवेश को बढ़ावा देने और हरियाणा में कारोबार को आसान बनाने के लिए सहयोग का रोडमैप भी तय किया गया है। हरियाणा की औद्योगिक विकास एजेंसी परियोजना के क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाएगी। प्रस्तावित कैंपस के जरिए हिसार को स्वच्छ ऊर्जा आधारित औद्योगिक विकास के एक नए केंद्र के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है।