- स्कूल से आकर मां से मांगा खाना, चावल बनने में देर थी, पैसे लेकर बाजार गए
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : फरीदाबाद की नेहरू कॉलोनी में चिप्स और चाऊमीन खाने के कुछ देर बाद दो सगे भाइयों की हालत बिगड़ गई। दोनों को अचानक उल्टियां होने लगीं।
परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन आठ वर्षीय राघव की मौत हो गई। उसका बड़ा भाई कुनाल (10) अभी आईसीयू में भर्ती है। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
परिवार के मुताबिक, दोनों स्कूल से आए थे। आते ही मां से खाना मांगा। मां चावल बना रही थी, जिन्हें बनने में देर थे। ऐसे में दोनों भाई कुछ पैसे लेकर बाजार चले गए और चिप्स-चाऊमीन खाई।
फिलहाल पुलिस मृतक राघव के शव का पोस्टमार्टम करवाया है। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए रिपोर्ट आने की बात कही है।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम, पिता ने बताया….
भूख लगने पर घर से निकले थे दोनों भाई
नेहरू कॉलोनी निवासी शमशेर सेक्टर-58 में मोटर मैकेनिक का काम करते हैं। उनके तीन बेटे हैं। 14 वर्षीय यश सबसे बड़ा, कुनाल 10 साल और राघव आठ साल का था।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को राघव स्कूल से घर आने के बाद चने खाकर ट्यूशन चला गया था। शाम करीब सात बजे लौटने पर उसने मां से भूख लगने की बात कही। उस समय घर में चावल बन रहे थे। इसी दौरान कुनाल भी उसके पास पहुंच गया। दोनों भाई 10-15 रुपए लेकर घर से बाहर निकल गए।
चचेरे भाई के साथ खाए थे चिप्स और चाउमीन
बताया जा रहा है कि बाहर दोनों भाइयों को उनका चचेरा भाई मिला। उसके पास चिप्स थे। तीनों ने साथ बैठकर चिप्स खाए। इसके बाद दोनों भाइयों ने बाजार में चाउमीन भी खाई। घर लौटने के कुछ समय बाद राघव ने मां से चक्कर आने और उल्टी जैसा महसूस होने की शिकायत की।
शुरुआत में मां को लगा कि शायद भूख के कारण ऐसा हो रहा है, लेकिन कुछ ही देर में कुनाल की भी तबीयत बिगड़ गई। उसे भी उल्टियां होने लगीं। दोनों बच्चों की एक साथ तबीयत बिगड़ने से परिवार घबरा गया।
इलाज के दौरान हुई मौत, भाई गंभीर
परिजन दोनों बच्चों को तुरंत NIT-3 स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां हालत गंभीर होने पर उन्हें दूसरे बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान राघव की हालत लगातार बिगड़ती गई और रात में उसकी मौत हो गई।
वहीं, कुनाल को ICU में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। फिलहाल उसकी हालत में सुधार होने की जानकारी सामने आई है।
थाना प्रभारी बोले- फूड पॉइजनिंग की आशंका
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चों ने शाम को चाऊमीन खाई थी। इसके बाद उनकी तबीयत खराब हुई। शुरुआती तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी इसे मौत का प्रमाणित कारण नहीं माना जा सकता।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि राघव की मौत किस वजह से हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।