- एक आरोपित गिरफ्तार
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : सोनीपत जिले के गांव रोहट में रिहायशी इलाके के बीच किराये के मकान में अवैध तरीके से बम-पटाखे तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़दस्ता और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने सूचना के आधार पर मकान में छापा मारकर बड़ी मात्रा में तैयार सुतली बम, गोला बम, विस्फोटक सामग्री और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है।
कार्रवाई के दौरान कमरे से कुल 3 किलो 750 ग्राम पोटाशियम क्लोराइड बरामद हुआ। इसके अलावा सैकड़ों तैयार सुतली बम, गोला बम और पोटाशियम क्लोराइड से भरे अखबार के रोल भी मिले। सबसे गंभीर बात यह रही कि पटाखे बनाने का काम रिहायशी इलाके में बिना लाइसेंस किया जा रहा था और कमरे में आग से बचाव के लिए कोई अग्निशमन उपकरण भी नहीं था।
टीम ने मौके से बाबा कालोनी निवासी पवन को पकड़ा है। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संयुक्त टीम की रेड, मकान में मिला अवैध कारोबार
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सोमवार रात सूचना मिली थी कि गांव रोहट में एक व्यक्ति किराये का कमरा लेकर अवैध तरीके से बम-पटाखे तैयार कर रहा है। सूचना के बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और फायर विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।
टीम में सब फायर ऑफिसर विनोद कुमार, निरीक्षक रोहताश सिंह, एएसआई राजेश कुमार और महिला कांस्टेबल सीमा शामिल थीं। टीम गांव रोहट में सतीश के मकान पर पहुंची तो वहां पवन मौजूद मिला। उसकी मौजूदगी में कमरे का निरीक्षण किया गया तो पटाखे बनाने और उनमें विस्फोटक सामग्री भरने का सामान बरामद हुआ।
सैकड़ों सुतली बम और गोला बम बरामद
जांच के दौरान कमरे से पांच हाइड्रो सुतली बम, तीन बड़े सुतली बम, 35 नाल के गोला बम और 715 सुतली बम बरामद किए गए। बरामद सुतली बम बिना मार्का और बिना बत्ती के थे। इसके अलावा 553 अखबार के रोल मिले, जिनमें पोटाशियम क्लोराइड भरा हुआ था। कमरे से करीब 20 इंच लंबी और दो सेंटीमीटर की लोहे की नाल भी बरामद हुई।
एक प्लास्टिक पन्नी में भी पोटाशियम क्लोराइड रखा मिला। पुलिस के अनुसार इसका वजन कराने पर कुल 3 किलो 750 ग्राम पोटाशियम क्लोराइड मिला।
किराए के कमरे में चल रहा था कारोबार
पूछताछ में पवन ने बताया कि उसने गांव रोहट निवासी सतीश का मकान किराये पर लिया हुआ है। मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में वह बम-पटाखे तैयार कर रहा था। संयुक्त टीम ने उससे पटाखे बनाने और विस्फोटक सामग्री रखने से संबंधित लाइसेंस व फायर विभाग के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सका।
सुरक्षा इंतजाम भी नहीं मिले
टीम के निरीक्षण में कमरे में आग से बचाव के लिए कोई अग्निशमन उपकरण नहीं मिला। रिहायशी इलाके में विस्फोटक सामग्री रखकर पटाखे तैयार किए जा रहे थे। ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर लापरवाही सामने आई है।
पुलिस ने विस्फोटक सामग्री के नमूने लिए
मौके पर पहुंची थाना सदर पुलिस ने बरामद पोटाशियम क्लोराइड में से 150-150 ग्राम के दो नमूने अलग किए। दोनों नमूनों को प्लास्टिक डिब्बों में डालकर सीलबंद किया गया। शेष 3 किलो 450 ग्राम पोटाशियम क्लोराइड को प्लास्टिक जार में रखा गया। बरामद बम-पटाखों और अखबार के रोल को अलग-अलग प्लास्टिक कट्टों में डालकर सीलबंद किया गया। सभी पुलिंदों को पुलिस की मोहर से सील कर नमूना मोहर तैयार की गई और बरामद सामान को सबूत के तौर पर कब्जे में लिया गया।
रिढाऊ में बच्चे समेत तीन की हुई थी मौत
खरखौदा के रिढाऊ गांव में 28 सितंबर 2024 की सुबह घर के अंदर अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। हादसे में एक बच्चे और दो महिलाओं की मौत हो गई थी, जबकि फैक्ट्री मालिक की बेटी समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। विस्फोट इतना भीषण था कि पूरा मकान भरभराकर गिर गया था। गांव के अंदर ही अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री संचालित किए जाने का मामला सामने आया था।
शांति विहार में पोटाश-गंधक में हुआ था धमाका
अक्टूबर 2023 में शहर के शांति विहार में घर में रखे गंधक और पोटाश में आग लगने से धमाका हुआ था। आग से कमरे में रखी मेज, प्लास्टिक की कुर्सियां, दो संदूक, लोहे की चारपाई, कपड़े और अन्य सामान जल गया था। बिजली की फिटिंग भी जल गई थी और कमरे की दीवारों पर काला धुआं जमा मिला था। कमरे में अन्य ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण रोहतक से बम निरोधक दस्ता बुलाया गया था।
जांच में 11 किलो 400 ग्राम गंधक और 200 ग्राम पोटाश बरामद हुआ था। मामले में इरफान के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भी भेजी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित कितने समय से कमरे में पटाखे तैयार कर रहा था, तैयार किए जा रहे बम-पटाखों की सप्लाई कहां की जानी थी और इस काम में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे।