August 20, 2026
20 aug 2
  • कालका-शिमला ट्रैक पर गिरा मलबा,  हिसार सबसे गर्म रहा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मानसूनी हवाएं अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही मानसूनी हवाओं की रफ्तार धीमी होने के कारण अगले सप्ताह से प्रदेश में ज्यादा बरसात के आसार नहीं हैं।

मानसूनी गतिविधियों पर करीब एक सप्ताह का ब्रेक रहेगा, जिसके बाद सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। बता दें कि अगस्त महीने में हरियाणा में अब तक 257.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 फीसदी कम है।

वहीं, एक दिन पहले 19 अगस्त को कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.5 MM बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पंचकूला में 67.5 MM, यमुनानगर में 60 MM, फतेहाबाद में 32 MM और सोनीपत में 29.5 MM बारिश दर्ज की गई।

हरियाणा में एक दिन पहले मानसून से हुईं ये घटनाएं…

अंबाला में टांगरी नदी का पानी 10 कॉलोनियों में भरा

पहाड़ों में हुई भारी बारिश के कारण मंगलवार देर रात अंबाला कैंट में टांगरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 27,720 क्यूसेक पहुंच गया। रात करीब 11:30 बजे आसपास की 10 कॉलोनियों में 3 फीट तक पानी भर गया। हालांकि, प्रशासन की पूर्व घोषणा से लोग अलर्ट हो गए थे। बुधवार सुबह तक पानी उतरना शुरू हो गया।

मोरनी में लैंडस्लाइड, घग्गर का जलस्तर बढ़ा

 पंचकूला जिले में भारी बारिश के चलते मोरनी हिल्स क्षेत्र में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) हुआ, जिससे कई मकानों पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है। वहीं, पंचकूला में घग्गर नदी भी पूरे उफान पर बह रही है।

सोनीपत में करंट लगने से युवक की मौत

सोनीपत के कबीरपुर में बारिश के कारण मकान में करंट उतर आया। बुधवार सुबह 30 वर्षीय आकाश लोहे की सीढ़ियों से छत पर जा रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने की कोशिश में परिजनों को भी झटके लगे। हादसे में आकाश की जान चली गई।

पानीपत और फरीदाबाद में जलभराव

पानीपत और फरीदाबाद में तेज बारिश के कारण प्रमुख सड़कों और निचले इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला, जिससे सुबह के वक्त वाहन ड्राइवरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कालका-शिमला ट्रैक पर गिरा मलबा

कालका-शिमला रेलखंड पर बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे गुम्मन और कोटी स्टेशन के बीच पहाड़ी से भारी मलबा आ गिरा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन संख्या 52458 (कालका-शिमला एक्सप्रेस) को कोटी स्टेशन पर ही रोक दिया गया। ट्रेन में सवार 172 यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना के अधिकारियों से मदद मांगी।

हिसार 37°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा 

हरियाणा में औसतन अधिकतम तापमान में 0.4°C की मामूली बढ़त देखी गई, हालांकि यह सामान्य के आसपास ही बना रहा। प्रदेश में हिसार सबसे गर्म दर्ज किया गया, जहां पारा 37.0°C तक पहुंच गया। इसके अलावा नारनौल में 36.5°C, रोहतक में 36.2°C और भिवानी में 36.0°C तापमान दर्ज हुआ। वहीं बारिश वाले इलाकों जैसे कुरुक्षेत्र में 32.5°C और गुरुग्राम में 33.0°C अधिकतम तापमान रहा।

गुरुग्राम में दर्ज हुई सबसे ठंडी रात 

हरियाणा में औसतन न्यूनतम तापमान 0.3°C गिरा है। प्रदेश भर में रात का तापमान सामान्य के करीब रहा। गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.0°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8°C कम रहा। इसके अलावा चंडीगढ़ में 23.2°C, नूंह व नारनौल में 24.5°C और पंचकूला में 25.1°C न्यूनतम तापमान रहा। वहीं सिरसा में रात का तापमान सबसे ज्यादा 27.7°C दर्ज हुआ।