- हांसी में तैनात था
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हिसार में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) टीम ने हांसी के बास थाने में तैनात SI (सब इंस्पेक्टर) को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। SI ने दर्ज मुकदमे से आरोपी का नाम हटाने की एवज में शिकायतकर्ता से यह रकम मांगी थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप बिछाया। गुरुवार को हिसार के अग्रोहा मोड़ पर जैसे ही SI अमृतलाल ने शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
एसीबी ने ऐसे किया अरेस्ट…
- मारपीट केस से नाम हटाने के लिए मांगी थी रिश्वतः इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि बास थाने में कुछ दिन पहले लड़ाई मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें मिर्चपुर निवासी सत्यवान का बेटा गिरफ्तार था। दूसरे बेटे का नाम इसी केस में अन्य में था। इसी केस में नाम हटवाने के एवज में एसआई ने 1 लाख 20 हजार रुपए मांगे थे।
- 80 हजार रुपए में सौदा तय हुआः इसके बाद 80 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। एसआई ने पैसे लेकर अग्रोहा मोड पर बुलाया था। सत्यवान ने विजिलेंस को पूरे मामले के बार में बताया और एसआई के खिलाफ शिकायत दी।
- इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने ट्रैप में फंसायाः शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अग्रोहा मोड़ पर पहुंचना था। विजिलेंस टीम ने भी आसपास तैनात होकर नजर रखी।
- रकम लेते ही टीम ने SI को दबोचाः अग्रोहा मोड़ पर शिकायतकर्ता ने SI अमृतलाल को 80 हजार रुपए दिए। जैसे ही SI ने रकम ली, पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे पकड़ लिया। टीम उसे अपने साथ ले गई और रिश्वत के मामले में पूछताछ शुरू की।
- भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम में केस दर्ज : विजिलेंस ने आरोपी SI के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। बास थाना प्रभारी एसआई जयकुमार का कहना है कि अमृतलाल 17 नवंबर को बास थाने से गया था। किसी केस के सिलसिले में उसको 18 नवंबर को हाईकोर्ट जाना था और आज वापस आना था। विजिलेंस ने किस मामले में एसआई को पकड़ा है, उसकी जानकारी नहीं है।
इस मामले में रिश्वत मांग रहा था एसआई..
छुछक समारोह में झगड़ा हुआ था : 27 मई 2025 को हांसी के गांव भाटोल जाटान में छुछक समारोह के दौरान हुक्का मांगने पर खूनी संघर्ष हुआ था। पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आए मेहमानों पर हुक्का मांगने की मामूली बात पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपियों ने बीयर की बोतलों से सिर और आंख पर वार किए थे। पुलिस ने तीन नामजद समेत 5-6 अन्य युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया था। इस मामले में फतेहाबाद के गोरखपुर निवासी चरणदीप (25) ने पुलिस में शिकायत दी थी।
हुक्का मांगते ही गाली-गलौच हुई थी : 27 मई की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच वह अपने परिजनों रामेहर, अजीत, विकास, रजनीश और अनिल के साथ गांव भाटोल जाटान में अपनी बुआ की लड़की सिलोचना के घर छुछक के प्रोग्राम में गया था। मेहमानों के बैठने की व्यवस्था पड़ोस में दलेसिंह के घर की गई थी, जहां कुछ रिश्तेदार बैठकर हुक्का और बीयर पी रहे थे। इसी दौरान चरणदीप की बुआ का लड़का रामेहर उनके पास हुक्का मांगने गया। आरोप है कि हुक्का मांगते ही वहां बैठे युवकों ने गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए भाइयों पर बीयर की बोतल से हमला किया।
पुलिस ने नामजद आरोपी आज तक नहीं पकड़े : बास थाना पुलिस ने चरणदीप के बयान पर भाटोल जाटान निवासी दलजीत व बलजीत पुत्र दलेसिंह, पंजाब निवासी गुरप्रीत और 5-6 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 126, 324(4), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। विजिलेंस इंस्पेक्टर मनमोहन ने बताया कि पुलिस ने आज तक इस मामले में नामजद आरोपी नहीं पकड़े और अन्य में युवकों को पकड़ पैसे मांगे जा रहे थे।