November 19, 2026
19 nov 6
  • योजना के लाभार्थियों को मिलेगी प्राथमिकता

हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज :  हरियाणा में परिवार पहचान पत्र (PPP) में दर्ज जन्मतिथि का अंतिम सत्यापन अब SDM और ADC दोनों अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (HPPA) ने सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाने के लिए उपमंडल स्तर पर यह नई व्यवस्था लागू की है।

इससे जन्मतिथि संबंधी त्रुटियों के समाधान में नागरिकों को सुविधा मिलेगी। साथ ही, लंबित मामलों को तेजी से निपटाने के लिए प्राथमिकता आधारित व्यवस्था बनाई गई है। इसके तहत मामलों को 4 श्रेणियों में बांटा गया है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए तत्काल सत्यापन की जरूरत वाले नागरिकों के काम पहले पूरे हो सकें।

पेंशन लाभार्थियों के मामलों को मिलेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

जन्मतिथि सत्यापन के लंबित मामलों को 4 श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विदुर पेंशन और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के मामले शामिल हैं। इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

दूसरी श्रेणी में मुख्यमंत्री की लाडो लक्ष्मी योजना से संबंधित जन्मतिथि सत्यापन के मामले रखे गए हैं। तीसरी श्रेणी में नई फैमिली आईडी बनवाने वाले परिवारों के मामले शामिल होंगे। चौथी श्रेणी में अन्य सभी लंबित मामले रखे गए हैं। इनका सत्यापन भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार क्रमबद्ध तरीके से किया जाएगा।

पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना लक्ष्य

HPPA के स्टेट कोऑर्डिनेटर (पब्लिक आउटरीच एंड मॉनिटरिंग) डॉ. सतीश खोला ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का प्रयास है कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना अनावश्यक परेशानी के मिले।

उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा। बुजुर्गों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों सहित जरूरतमंद लाभार्थियों के जरूरी काम प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जा सकेंगे। परिवार पहचान पत्र केवल पहचान संख्या नहीं, बल्कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।