- 2 घंटे बाद लौटने पर टूटा मिला ताला
हिसार शहर के पटेल नगर स्थित हरिदास कॉलोनी में बुधवार देर रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। परिवार महज ढाई से 3 घंटे के लिए सत्संग में गया था। इसी दौरान चोर मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और करीब 15 से 20 तोला सोना, चांदी, 7-8 हजार रुपए नकद, बच्चे की गुल्लक और दुकान का सामान चोरी कर ले गए।
वारदात सिविल लाइन थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई। हैरानी की बात यह है कि चोर चोरी का सामान परिवार की ही एक्टिवा स्कूटी पर रखकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेन गेट का ताला तोड़कर घुसे चोर
परिवार के सत्संग में जाने के दौरान मकान पर ताला लगा हुआ था। चोरों ने इसी का फायदा उठाया और मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। उन्होंने घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, बच्चे की गुल्लक और दुकान का सामान समेट लिया।
परिवार की एक्टिवा पर ले गए सामान
चोर घर से चोरी किया गया सारा सामान परिवार की एक्टिवा स्कूटी पर रखकर ले गए। वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पौने 8 बजे गए थे सत्संग, लौटे तो टूटा मिला ताला
पीड़िता गीता सैनी ने बताया कि बुधवार रात करीब पौने 8 बजे पूरा परिवार (सास-ससुर, पति-पत्नी और बेटा) घर के मेन गेट पर ताला लगाकर सेक्टर 1-4 स्थित सत्संग में गया था। रात करीब पौने 11 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और घर की सभी लाइटें जल रही थीं। अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और आंगन में खड़ी उनकी एक्टिवा भी गायब थी।
नीचे कुछ नहीं मिलने पर ऊपर बहू के कमरा खंगाला
चोरों ने बाहर लगे ताले को देखकर घर खाली होने का अंदाजा लगाया। सबसे पहले उन्होंने नीचे के कमरे में डबल बेड और अलमारी का सामान उथल-पुथल किया। जब वहां कुछ खास हाथ नहीं लगा, तो वे ऊपर की मंजिल पर बहू के कमरे में पहुंचे। यहां अलमारी से 15 से 20 तोला सोने के गहने, 23 तोला चांदी और डिब्बे में रखे कैश पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बच्चे की गुल्लक तक नहीं छोड़ी और उसके सिक्के भी ले गए।
बीड़ी-सिगरेट और चॉकलेट भी ले गए चोर
चोरों ने मकान में ही बनी दुकान को भी निशाना बनाया। दुकान के गल्ले में रखी नकदी के साथ-साथ वे वहां से बीड़ी-सिगरेट और चॉकलेट जैसी छोटी-मोटी चीजें भी चुरा ले गए।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घर की हालत देख परिवार के होश उड़ गए और तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी करमजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।