August 18, 2026
18 aug 8
  • 10 किसानों की रिहाई के बाद फैसला

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हिसार के जीवन कुंडू का हत्या के 15 दिन बाद आज गांव किनाला में अंतिम संस्कार किया जाएगा। जीवन को पैतृक गांव किनाला में मुखाग्नि दी जाएगी। जीवन का 11 वर्षीय बेटा अंतिम संस्कार की रस्म निभाएगा। इस मौके पर खाप पंचायतों, पंचग्रामी पंचायतों के साथ-साथ किसान नेता व ग्रामीण अंतिम श्रद्धांजलि देने उमड़ सकते हैं।

सरकार ने कल जीवन कुंडू न्याय संघर्ष समिति की सभी मांगें मान ली थी। इसके बाद गुरुग्राम की भोंडसी जेल से किसान नेताओं की रिहाई के साथ ही लघु सचिवालय से धरना उठा दिया गया।

सरकार जीवन कुंडू के परिवार की आर्थिक मदद, परिवार के एक सदस्य को नौकरी और मुख्य आरोपी रमेश अत्री की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया, जिस पर परिवार सहमत हो गया। मामले में बीजेपी के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने मध्यस्था की, उनके साथ कमेटी सदस्य चंडीगढ़ गए थे। जिसके बाद सीएम ने परिवार की हर संभव मदद की बात कही।

9 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर 50 हजार का इनाम

हिसार पुलिस अब तक मामले में भानु कुमार, गजेंद्र उर्फ गज्जू पंडित और साहिल समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अब भी फरार है, जिस पर पुलिस ने 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

SP सिद्धांत जैन ने बताया कि पुलिस की 10 टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मुख्य आरोपी देश छोड़कर न भाग सके, इसके लिए लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। पीड़ित परिवार को सुरक्षा दी गई है और पुनर्वास के लिए रोजगार का आवेदन भी कराया गया है।

1. पड़ोसियों ने बेहोश होने तक पीटा

सूर्यनगर इलाके में 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया था। जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने जीवन को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।

हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

2. वीडियो में दिख रहे थे चोट के निशान

जीवन का मौत से पहले का 1 मिनट 12 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसके दोनों पैरों पर गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वीडियो में जीवन ने बताया था कि पड़ोसी रमेश और उसके साथ 15-20 युवक थे। उसने मोल्हड़ नाम के एक युवक का भी जिक्र किया था। जीवन ने कहा था कि आरोपियों ने उसे पूरी तरह पीट दिया और उसकी टांग तोड़ दी।

3. गोबर डालने को लेकर हुआ था विवाद

सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। वह रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर रमेश से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद कुछ दिन पहले जीवन अपनी डेयरी में खोर (हौद) बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था।

आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला कर दिया था। मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।