November 16, 2026
16 nov 3
  • NCR-जीटी रोड बेल्ट में हवा खराब

हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिन में तेज धूप और रात में ठंडक का अहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, दिन के समय सबसे अधिक गर्मी फरीदाबाद में रही, जहां अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम में बदलाव के साथ ही हवा भी जहरीली बनी हुई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, प्रदेश के कई शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) चिंताजनक स्तर पर है। यमुनानगर प्रदेश का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां AQI 306 दर्ज किया गया। इसके अलावा पंचगांव का AQI भी 309 रिकॉर्ड हुआ।

एनसीआर और जीटी रोड बेल्ट में हवा खराब

प्रदेश में दिल्ली के साथ लगते इलाके और जीटी रोड बेल्ट पर हवा खराब रहा। इनमें सोनीपत (297), गुरुग्राम (296), कुरुक्षेत्र (286), बल्लभगढ़ (271), बहादुरगढ़ (267), मानेसर (262), फरीदाबाद (257), करनाल (251), पानीपत (250), अंबाला (237), धारूहेड़ा (231), कैथल (225), भिवानी (203) और मंडीखेड़ा (203) शामिल हैं।

हिसार समेत कई शहरों में सुधरा AQI

वहीं हिसार सहित कई शहरों में AQI मध्यम रहा। इसमें पलवल (190), फतेहाबाद (184), रोहतक (180), नारनौल (179), चरखी दादरी (174), सिरसा (146), पंचकूला (127), हिसार (126) और जींद (117) में हवा मध्यम श्रेणी में रही। अधिकांश शहरों में प्रदूषण का मुख्य कारण PM 2.5 और PM 10 के बारीक कण रहे।

जानिए कैसा रहा तापमान, आगे कैसा रहेगा…

दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर : प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। हालांकि, भिवानी (14.0°C), करनाल (14.2°C), फतेहाबाद (14.3°C) और पंचकूला (14.5°C) में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे बना हुआ है। दूसरी ओर, दिन के औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट आई है।

आगे साफ रहेगा आसमान, रात में बढ़ेगी ठंड : मौसम केंद्र चंडीगढ़ और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, हरियाणा में अगले एक सप्ताह (22 नवंबर तक) मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहने की संभावना है। बारिश की कोई चेतावनी या संभावना नहीं है। दिन के समय धूप खिली रहेगी और अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।