- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत
हरियाणा ब्रेेकिंग न्यूज : पंचकूला में आध्यात्मिक जगत के लिए एक ऐतिहासिक एवं पावन अवसर देखने को मिला। परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज की पावन प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में श्री कृष्ण कृपा धाम के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। इस शुभ अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री m नायब सिंह सैनी विशेष रूप से पहुंचे और इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण देखने को मिला। शिलान्यास समारोह के दौरान संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया। भगवान श्री कृष्ण के प्रति आस्था और गीता के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्थापित होने वाला यह धाम आने वाले समय में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक संस्कारों और सामाजिक सद्भाव का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
इस पुनीत अवसर पर श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट की पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। ट्रस्ट द्वारा धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास निश्चित रूप से समाज के लिए प्रेरणादायक हैं।
श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण की भक्ति से जोड़ने के साथ-साथ गीता के ज्ञान और जीवन मूल्यों के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा
स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने बताया कि श्री कृष्ण कृपा धाम का निर्माण श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण की भक्ति से जोड़ने के साथ-साथ गीता के ज्ञान और जीवन मूल्यों के प्रचार-प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, बलिदान और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर दिए गए विशेष संदेश को भी सभी ने ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन देशभक्ति, साहस, स्वाभिमान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष की प्रेरणा देता है। उनका योगदान भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाएगा।
इस प्रकार पंचकूला में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र के महान नायकों के सम्मान का अनूठा संगम बना। एक ओर श्री कृष्ण कृपा धाम के शिलान्यास से आध्यात्मिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जगी, वहीं दूसरी ओर भगवान बिरसा मुंडा जी के राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत जीवन संदेश ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया।