- भिवानी में पहली बरसी पर श्रद्धांजलि सभा
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के भिवानी का छोटा सा गांव ढाणी लक्ष्मण…। वही गांव, जो प्ले-वे स्कूल की लेडी टीचर मनीषा की वजह से सुर्खियों में आया। मनीषा को दुनिया से गए आज एक साल हो गया, लेकिन उसकी मौत अभी भी एक अनसुलझा सवाल है। मनीषा की मौत हत्या थी या आत्महत्या, इसका जवाब परिवार को अब तक नहीं मिला।
मनीषा की मौत की बरसी पर गुरुवार सुबह 10 बजे गांव में श्रद्धांजलि सभा रखी गई है। बेटी की यादों के सहारे जी रहा परिवार एक साल से न्याय की लड़ाई लड़ रहा है। पिता संजय मनीषा की बात करते हुए भावुक हो जाते हैं। कहते हैं- “न्यूं नहीं बेरा म्हारी छोरी के साथ क्या हुआ था, क्यूकर मरी।” नर्सिंग ऑफिसर बनने का सपना देखने वाली 19 साल की मनीषा 11 अगस्त 2025 को लापता हुईं। दो दिन बाद शव गांव सिंघानी के खेतों में मिला था। पुलिस ने मर्डर केस दर्ज किया, लेकिन 18 अगस्त को इसे आत्महत्या बता दिया। इसके बाद विरोध बढ़ने पर तीसरी बार दिल्ली एम्स में पोस्टमॉर्टम कराया और जांच CBI को सौंप दी। CBI अब तक चार-पांच बार गांव आकर जांच कर चुकी है, लेकिन मौत की वजह का रहस्य अभी बरकरार है।
परिवार ने मनीषा की सारी चीजें वैसे ही रखी हैं…
मनीषा के घर पहुंची। मनीषा का जिक्र छिड़ते ही पिता संजय भावुक हो गए। बोले-“आज भी हर समय उसकी याद आती है। वह पढ़ती थी और अपने छोटे भाई-बहनों को भी पढ़ाती थी। खेत में जाता हूं तो याद आता है कि मनीषा कैसे मेरे साथ काम में हाथ बंटाती थी।”
बेटी की यादों को परिवार ने आज भी उसी तरह संभालकर रखा है। उसकी किताबें और कपड़े सुरक्षित हैं। घर के कोने में जिस जगह पर छोटा सा मंदिर बनाकर मनीषा पूजा करती थी, वह भी परिवार ने उसी तरह रखा है। आज भी वहां पूजा होती है।
संजय कहते हैं कि बेटी के जाने के बाद पूरा साल उसकी यादों में बीता, लेकिन सबसे बड़ा दर्द यह है कि आज तक यह पता नहीं चला कि उसके साथ हुआ क्या था।
पैदल मार्च, अनशन से लेकर दिल्ली तक दरवाजा खटखटाया
संजय कहते हैं कि बेटी को न्याय दिलाना अब उनकी जिंदगी का मकसद है। पंचायतों से लेकर पैदल मार्च और अनशन तक किए। CBI अधिकारियों से मिलने दिल्ली तक गए, लेकिन अभी भी जवाब का इंतजार है। “बेटी को न्याय दिलाने तक लड़ूंगा। अगर न्याय नहीं मिला तो पूरी उम्र इसका मलाल रहेगा।”
परिवार को उम्मीद- 14 अगस्त को CBI देगी स्टेटस रिपोर्ट
परिवार के मुताबिक CBI की ओर से 14 अगस्त को कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट सौंपने की बात कही गई है। CBI ने दिल्ली में मर्डर की FIR दर्ज कराई थी। अब पंचकूला में सीबीआई की विशेष कोर्ट में चार्जशीट दायर होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि सीबीआई ने 35 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है। इसमें मनीषा के परिजन भी शामिल हैं। साथ ही वो दो लोग भी जिन्होंने सबसे पहले मनीषा की लाश देखी थी। प्ले-वे स्कूल से नर्सिंग कॉलेज की तरफ जाते दिखी सीसीटीवी, स्कूल व कॉलेज की सीसीटीवी भी जांच के दायरे में आईं।