August 11, 2026
11 aug 11
  • बिजली मंत्री ने 2 माह का समय मांगा

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल मंत्री अनिल विज से वार्ता के बाद स्थगित हो गई है। यूनियन नेताओं के साथ विज की करीब 5 घंटे लंबी मैराथन बैठक चली, जिसके बाद मंत्री व यूनियनों के बीच लिखित समझौता हुआ।

बिजली मंत्री अनिल विज और बिजली कर्मचारी यूनियन के बीच हुई बैठक में कर्मचारियों से जुड़े कई मुद्दों पर सहमति बनी। बैठक में एग्री डिस्कॉम की स्थापना, बिजली कंपनियों के पुनर्गठन, प्रीपेड-पोस्टपेड मीटर, तकनीकी कर्मचारियों के ऑनलाइन ट्रांसफर, रिस्क अलाउंस, HKRN वेतन दर और एक्स-ग्रेशिया नीति समेत 10 बिंदुओं पर चर्चा हुई।

सरकार ने कई मांगों पर समितियों के माध्यम से जांच और प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं, एग्री डिस्कॉम की स्थापना पर अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। कर्मचारियों के प्रतिनिधियों समेत संबंधित हितधारकों से विचार-विमर्श के बाद ही इस संबंध में आगे फैसला लिया जाएगा।

ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन हिसार, हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड कर्मचारी संघ भिवानी, हरियाणा पावर इंजीनियर एसोसिएशन, हरियाणा पावर कॉरपोरेशन SC/ST एवं BC कर्मचारी यूनियन और डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन के 10 से अधिक नेता मंत्री से चर्चा के लिए पहुंचे थे। नेताओं ने स्पष्ट किया था कि वे कोरे आश्वासन पर यहां से जाने वाले नहीं है। सभी चीजों को लिखित में लेते हुए मंत्री अनिल विज को 2 माह का समय दिया है।