- निकाली पहली तिरंगा यात्रा, सेक्टर-2 से सचिवालय पहुंची शहीदों को दी श्रद्धांजलि
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार शाम को प्रदेश की पहली तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यात्रा की शुरुआत की। इससे पहले मुख्यमंत्री ऐतिहासिक स्थाणु महादेव मंदिर पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने श्रावण के दूसरे सोमवार के अवसर पर रुद्राभिषेक किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस तिरंगा यात्रा को वंदे मातरम से जोड़ा गया। इस कार्यक्रम की थीम भी वंदे मातरम रखी गई। यात्रा के दौरान वंदे मातरम और देशभक्ति के नारे लगाए गए। राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
पिपली से शहीदी स्मारक तक यात्रा
तिरंगा यात्रा पिपली सेक्टर-2 से रवाना हुई। यहां से यात्रा पुलिस लाइन, नया बस अड्डा और द्रोणाचार्य स्टेडियम मार्ग से होते हुए लघु सचिवालय परिसर पहुंचीं। यात्रा का अंतिम पड़ाव शहीदी स्मारक रहा। यहां मुख्यमंत्री ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में रिटायर फौजी भी शामिल हुए।
सीएम बोले- 17 अप्रैल चलेगा अभियान
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि इस बार 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। हर घर तिरंगा और वंदे मातरम को साथ लेकर चलना नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम से जोड़ने का बड़ा अवसर है। यह कोई सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है।
कहा- आज हर हृदय में तिरंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से हर घर, हर प्रतिष्ठान और हर शिक्षण संस्थान पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया था। आज हर हृदय में तिरंगा है। देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले रणबांकुरों को याद करना और स्वतंत्रता का पर्व हर्षोल्लास से मनाना गर्व की बात है।
विभाजन की त्रासदी को याद किया
मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी लोगों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विभाजन के दौरान करोड़ों लोगों को अपना घर, जमीन और कारोबार छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा। परिवार बिछड़ गए और लोगों को अत्याचार का सामना करना पड़ा।
14 को गुरुग्राम में कार्यक्रम
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में उन लोगों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिन्होंने विभाजन की त्रासदी में अपनी जान गंवाई। इस बार राज्य स्तरीय कार्यक्रम गुरुग्राम में 14 अगस्त को कार्यक्रकम आयोजित किया जाएगा।