- लॉरेंस गैंग से कनेक्शन, रांची में 5 करोड़ की रंगदारी मांगी
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : हरियाणा STF ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े 21 साल के कुख्यात अपराधी रवि उर्फ एलियस उचानी को मलेशिया से डिपोर्ट करवाकर गिरफ्तार किया है। आरोपी करनाल के पास स्थित उचानी गांव का रहने वाला है और 2024 से फरार था।
STF के DIG सुरिंद्र पाल सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी के खिलाफ फिलहाल 3 FIR की जानकारी सामने आई है। इनमें रंगदारी और एक्सटॉर्शन से जुड़े मामले शामिल हैं।
राजस्थान में पूर्व विधायक समेत लोगों से 3 करोड़ मांगे
STF के मुताबिक रवि उचानी मलेशिया में रहकर फोन पर लोगों को धमकी देकर रंगदारी मांगता था। रांची के एक कारोबारी से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। वहीं राजस्थान में एक पूर्व विधायक और वरिष्ठ राजनेता से करीब 3 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने की बात सामने आई है। रांची मामले की जांच के दौरान आरोपी की हरियाणवी भाषा से पहचान का सुराग मिला। वहां रंगदारी मांगने वाले व्यक्ति की बातचीत हरियाणवी लहजे में थी, जिसके बाद एसटीएफ से संपर्क किया गया और आरोपी की संलिप्तता सामने आई।
कुरुक्षेत्र केस में 4 साथी पहले पकड़े जा चुके
STF ने बताया कि हरियाणा के कुरुक्षेत्र में दर्ज मामले में आरोपी के 4 साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इन आरोपियों से हथियार भी बरामद हुए थे। रवि इस मामले में पांचवां आरोपी है। STF के अनुसार रवि का संपर्क सुनील मीणा नाम के व्यक्ति से भी था, जो फिलहाल भारत की जेल में बंद है। उससे भी पूछताछ की जाएगी।
एजेंसियों की मदद से लाया गया भारत
STF के अनुसार रवि को मलेशिया से डिपोर्ट करवाने की प्रक्रिया में इंटरपोल और केंद्रीय एजेंसियों समेत अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद ली गई। मलेशिया से भारत लाने के बाद आरोपी को एयरपोर्ट से कोर्ट में पेश किया गया। अब पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। पूछताछ में उसके संपर्कों, अन्य वारदातों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ने का दावा
DIG ने बताया कि रवि 21 साल का है और गलत संगति में पड़ने के बाद अपराध की ओर बढ़ा। STF के अनुसार वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े सुनील मीणा के संपर्क में आया था। जांच में यह भी सामने आया है कि मलेशिया में रहते हुए वह व्यापारियों और कुछ राजनेताओं को धमकाकर रंगदारी मांगता था।
पुलिस अब यह पता लगा रही है कि उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे और उसने किन-किन लोगों को धमकी दी थी।
जानिए रवि उर्फ एलियस उचानी का आपराधिक रिकॉर्ड
शूटर और हथियार उपलब्ध कराने का आरोप
STF के अनुसार आरोपी विदेश में बैठकर देश के अलग-अलग हिस्सों में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए स्थानीय स्तर पर लड़कों को बहला-फुसलाकर और पैसों का लालच देकर शूटर तैयार करता था। इसके लिए वह शूटरों को हथियार भी उपलब्ध कराता था। आरोपी पर रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर फायरिंग की गंभीर घटना में शूटर उपलब्ध कराने का आरोप है।
कुरुक्षेत्र और रांची में वारदात की योजना
पुलिस के अनुसार आरोपी ने कुरुक्षेत्र और झारखंड के रांची में बड़ी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने के लिए शूटरों की व्यवस्था की थी। इसके लिए ठहरने और लॉजिस्टिक का खर्च भी वहन किया गया था।
जयपुर में 3 करोड़ की रंगदारी मांगने का केस
वर्ष 2026 में जयपुर के मालवीय नगर में करीब 3 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में भी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इस मामले में अभियोग संख्या 20/2026 के तहत BNS की धारा 351(4), 308(4), 61(2) और IT Act की धारा 66(E) लगाई गई हैं।