- शिवरात्रि की छुट्टी, कोई कर्मचारी नहीं था मौजूद
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : करनाल जिला सचिवालय स्थित एसडीएम कार्यालय में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे अचानक भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्रारंभिक कारण माना जा रहा है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि कार्यालय के अंदर रखा फर्नीचर, खिड़की-दरवाजे और जरूरी फाइलें जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि शिवरात्रि की छुट्टी होने के कारण कार्यालय में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
सुबह आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां जिला सचिवालय पहुंचीं और आग बुझाने के लिए पानी की बौछार शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक एसडीएम देवेंद्र शर्मा के कार्यालय का अधिकांश सामान जल चुका था। कई जरूरी फाइलें पूरी तरह राख हो गईं, जबकि जो फाइलें बची थीं, वे फायर ब्रिगेड के पानी से भीगकर खराब हो गईं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि खिड़कियों के रास्ते पहली मंजिल तक भी पहुंच गईं, लेकिन वहां आग नहीं लगी।
मौके पर पहुंचे डीसी, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही जिला उपायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा व एसडीएम देवेंद्र शर्मा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी एसआई विकास ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। फायर ब्रिगेड ने समय पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि आग से नुकसान काफी ज्यादा हुआ है और मामले की जांच की जा रही है।
कुछ दिन पहले हुई थी आपदा मॉक ड्रिल
खास बात यह है कि कुछ दिन पहले जिला सचिवालय में आपदा से निपटने को लेकर मॉक ड्रिल की गई थी। इसका उद्देश्य आपदा या हवाई हमले जैसी स्थिति में आपात सेवाओं की तत्परता परखना था। इसके बावजूद वास्तविक आग में एसडीएम कार्यालय का बड़ा हिस्सा जल गया। घटना के बाद आपात व्यवस्था की तैयारियों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
आग लगने के कारणों लगाया जा रहा पता
एसडीएम देवेंद्र शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे उन्हें कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। जब वह मौके पर पहुंचे तो आग पर काबू पा लिया गया था। आग लगने के कारण फाइले, कंप्यूटर, चेयर, सौफे सहित अन्य काफी सामान जलकर रख हो गया है। जांच के बाद हम रिपोर्ट जमा करवा देगें की क्या क्या सामान जला है और कितना नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है।