August 7, 2026
7 aug 10
  • गुरुग्राम में घरों में घुसा पानी, सोनीपत में सड़कें जलमग्न

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :  हरियाणा में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, भिवानी, पानीपत, नारनौल, हांसी, महेंद्रगढ़, रोहतक और सोनीपत में तेज बारिश हुई। सोनीपत में सुबह से शुरू हुई बारिश दोपहर तक जारी रही। भारी बारिश से गुरुग्राम के सुशांत लोक में घरों में पानी भर गया।

फरीदाबाद में सब्जी मंडी में जलभराव हो गया। किसानों और मंडी व्यापारियों को बारिश के पानी में ही गुजरना पड़ रहा है। इसके अलावा, मौसम विभाग ने झज्जर, नूंह, पलवल, यमुनानगर और चरखी दादरी में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। राज्य में सबसे ज्यादा 78.0 मिमी बारिश पलवल जिले में दर्ज की गई। गुरुग्राम के नॉर्थकैप यूनिवर्सिटी क्षेत्र में 57.0 मिमी और यमुनानगर में 32.0 मिमी. बारिश रिकॉर्ड हुई। फरीदाबाद में आज लगातार तीसरे दिन बारिश हो रही है।

अधिकतम तापमान में 4.5°C की गिरावट

बारिश और बादलवाई के कारण प्रदेश में दिन के पारा में गिरावट आई है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7°C नीचे गिरकर काफी ठंडा दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.7°C सिरसा में दर्ज किया गया। वहीं गुरुग्राम में अधिकतम पारा महज 26.1°C, करनाल में 27.0°C, यमुनानगर में 27.2°C और रोहतक में 28.1°C रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 अगस्त तक दिन के तापमान इसी प्रकार रहेगा।

हिसार में रात सबसे ठंडी, औसत पारा में कमी

रात के तापमान की बात करें तो राज्य के औसत न्यूनतम तापमान में 1.1°C की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.8°C हिसार में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.3°C कम है। इसके अलावा रेवाड़ी में न्यूनतम पारा 23.7°C, नूंह में 23.8°C, नारनौल व भिवानी में 24.0°C और चंडीगढ़ में 25.0°C रिकॉर्ड किया गया। आगामी दिनों में रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।