July 31, 2026
31 july 1
  • यूपी-बिहार से आएंगी नमी वाली हवाएं

हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज :

हरियाणा में मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग (IMD) ने 31 जुलाई को प्रदेश के 5 उत्तरी जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिसार एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के अनुसार 2 अगस्त से 5 अगस्त के दौरान मानसून प्रदेशभर में पूरी ताकत के साथ लौटेगा और ज्यादातर क्षेत्रों को बारिश होगी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार आज 31 जुलाई को उत्तर-पूर्वी हरियाणा के 5 जिलों में गरज-चमक और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल शामिल हैं। यहां 50 प्रतिशत से 75 प्रतिशत हिस्सों में बारिश बारिश के आसार हैं।

वहीं कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी, चरखी दादरी, हिसार और फतेहाबाद में बूंदाबादी व हल्की बारिश हो सकती है। सिरसा में मौसम खुश्क बना रहेगा।

5 अगस्त तक तेज बारिश होगी : एचएयू

HAU के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि वर्तमान में मानसून टर्फ की अक्षय रेखा जैसलमेर, रायसेन, विदर्भ और बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। साथ ही राजस्थान पर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन सक्रिय है। इस वजह से हरियाणा में नमी वाली मानसूनी हवाएं कम पहुंच रही हैं और 1 अगस्त तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश ही होगी।

डॉ. खीचड़ ने आगे बताया कि 1 अगस्त की रात से पूर्वी हवाएं ओडिशा, बिहार और उत्तर प्रदेश से होते हुए हरियाणा की ओर रुख करेंगी। इससे 2 अगस्त से 5 अगस्त के दौरान हरियाणा के ज्यादातर इलाकों में मूसलाधार और भारी बारिश की प्रबल संभावना बन रही है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।

रोहतक सबसे गर्म, कई जिलों में 37°C पार 

हरियाणा के औसतन अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.3°C की हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पूरे राज्य में रोहतक 37.2°C तापमान के साथ सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा चरखी दादरी में 37.1°C और भिवानी में 37.0°C पारा दर्ज किया गया। पश्चिमी जिलों सिरसा 36.6°C, फरीदाबाद 36.3°C में भी गर्मी का प्रभाव बना रहा। हालांकि, बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण कैथल और फतेहाबाद में तापमान सबसे कम 33.0°C दर्ज हुआ।

भिवानी में सबसे ठंडी रात, औसत पारा बढ़ा

 राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 1.6°C की बढ़ोतरी देखी गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 25.0°C दर्ज किया गया। सिरसा में सबसे गर्म रात (30.0°C) दर्ज की गई। गुरुग्राम (25.9°C) और नारनौल (26.0°C) में भी रात के समय ठंडक बनी रही। आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहने के कारण रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।