- पानीपत के पैतृक गांव में जश्न का माहौल, चाचा बोले-देश को गोल्ड की उम्मीद
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश का मान बढ़ाया है। नीरज ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) इवेंट के फाइनल के लिए शानदार अंदाज में क्वालीफाई कर लिया है।
क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज चोपड़ा ने 79.61 मीटर का बेस्ट थ्रो करते हुए 5वां स्थान हासिल किया और आसानी से फाइनल में जगह बनाई। उनके साथ भारत के 2 अन्य एथलीट रोहित यादव और यश वीर सिंह ने भी फाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।
मेडल इवेंट शुक्रवार देर रात 12:45 बजे खेला जाएगा। नीरज ने पहले प्रयास में 76.28 मीटर और दूसरे प्रयास में 79.61 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद उन्होंने तीसरा प्रयास नहीं किया और 5वें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।
चाचा बोले- फाइनल में देश का सिर करेंगे ऊंचा
नीरज चोपड़ा के फाइनल में पहुंचते ही उनके पानीपत स्थित पैतृक गांव खंडरा में खुशी का माहौल छा गया। परिजनों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जीत का जश्न मनाया। पूरे देश को अब फाइनल मुकाबले में नीरज से गोल्ड मेडल की उम्मीद है।
नीरज के प्रदर्शन पर उनके चाचा भीम चोपड़ा ने खुशी जताते हुए कहा, देश के सभी खिलाड़ियों ने विषम परिस्थितियों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। हमें पूरा भरोसा है कि नीरज फाइनल मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और देश के लिए एक बार फिर स्वर्ण पदक जीतकर लाएंगे।
नीरज बनाम अरशद नदीम: 12वीं बार आमने-सामने होंगे दोनों दिग्गज
आमने-सामने: दोनों पहली बार 2016 साउथ एशियन गेम्स में भिड़े थे। अब तक खेले गए 11 मुकाबलों में से 10 बार नीरज ने अरशद को पछाड़ा है।
पेरिस ओलंपिक 2024: अरशद को एकमात्र जीत पेरिस ओलंपिक 2024 में मिली थी, जहां उन्होंने 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता था, जबकि नीरज ने 89.45 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।
90 मीटर का आंकड़ा पार करने वाले इकलौते भारतीय
नीरज चोपड़ा भारत के इतिहास में 90 मीटर से अधिक भाला फेंकने वाले इकलौते एथलीट हैं। उन्होंने 2025 दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो फेंककर नया नेशनल रिकॉर्ड कायम किया।