April 28, 2024
हरियाणा के अंबाला शहर से भाजपा विधायक असीम गोयल का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें विधायक मंच से भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की शपथ सैंकड़ों लोगों के साथ लेते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में जहाँ भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने की शपथ ली जा रही है वहीं इसके लिए किसी भी प्रकार का बलिदान देने की शपथ भी विधायक सहित कई लोग ले रहे हैं। ऐसे में इन दिनों जब देश में धर्म के नाम हिंसक घटनाएं हो रही है तो अंबाला शहर से भाजपा विधायक का यह वीडियो भी चर्चाओं में आ गया।
इस वीडियो को लेकर हमने विधायक असीम गोयल से बातचीत की तो विधायक ने बताया कि यह शपथ आज से लगभग 400 साल पहले छत्रपति शिवाजी महाराज ने ली थी और उसमे कहा गया था कि भारत हिन्दू राष्ट्र है। विधायक ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि देश में किसी भी मजहब या रिलिजन का नागरिक क्यों न हो वह हिन्दू है। विधायक ने कहा कि हिन्दू एक धर्म है और ईसाइयत रिलिजन है और इस्लाम मजहब है। विधायक ने कहा इस्लाम और ईसाइयत को मानने वाला भी हिन्दू है बशर्ते वह हिंदुस्तान के प्रति श्रद्धा रखे।
विधायक की माने तो उन्होंने हिन्दू राष्ट्र बनाने की शपथ ली है और यहाँ जब धर्म के नाम पर विभाजन हो चुका है तो देश में धर्म के नाम पर दंगे क्यों भड़कते हैं। विधायक ने कहा कि आज दीपावली , रामनवमी पर पत्थरबाजी होती है। विधायक ने कहा कि जिसे यहाँ रहना है उसे हिन्दू राष्ट्र के हिसाब से हिंदुस्तानी बनकर यहाँ रहना होगा।
वहीं शपथ में की गई बलिदान देने की बात के सवाल पर विधायक ने बताया कि यहाँ बलिदान का मतलब गला काटना नहीं है। बल्कि अपने संसाधनों से मदद करना है। विधायक ने कहा कि हिन्दू धर्म का हृदय बहुत विशाल है लेकिन जब धर्म पर बात आती है तो छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप भी इसी धर्म से हुए हैं और हम उनका खून हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *