- 6 डिब्बे मिले, चंडीगढ़ सप्लाई होती थी खेप
हरियाणा ब्रेकिंग न्यूज : कैथल पुलिस ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव ड्योढखेड़ी स्थित श्री श्याम डेयरी पर छापेमारी की। एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ मिलकर मध्य रात्रि को यह कार्रवाई की। इस दौरान डेयरी से करीब 700 किलोग्राम नकली पनीर पकड़ा गया। वहीं, मैन्युफैक्चरिंग साइट पर रिफाइंड पाम ऑयल के 15-15 किलोग्राम के 6 डिब्बे भी मिले। टीम ने सारा सामान जब्त कर लिया और रात को ही करीब 700 किलो पनीर नष्ट करवा दिया।
पनीर बनाने में रिफाइंड ऑयल का प्रयोग
मौके पर डेयरी मालिक सुमित कुमार निवासी गांव सिसमोर भी मौजूद मिला। जांच के दौरान सामने आया कि पनीर बनाने में रिफाइंड ऑयल का प्रयोग किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टीम ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई की।
चंडीगढ़ सप्लाई होता था पनीर
पनीर के सैंपल लेने के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए करीब 700 किलोग्राम पनीर नष्ट कर दिया गया। यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक सेल कैथल के प्रभारी एसआई प्रदीप की अगुवाई में की गई। टीम में एएसआई अनिल कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैथल अभिषेक शर्मा भी मौजूद रहे।
जांच में सामने आया कि डेयरी में तैयार किया जा रहा पनीर चंडीगढ़ सप्लाई होता था। पनीर और अन्य सामान के सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा गया है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
एएनसी प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि डेयरी में नकली पनीर बनाकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने छापेमारी की और सामान को नष्ट करवाया। उन्होंने बताया कि मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।